आज बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे, देश को बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहा हूं: मोदी

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

आज बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे, देश को बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहा हूं: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार तीसरे कार्यकाल की तैयारी में अभी से जुट गई है

मेरठ/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि साल 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है। यह चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है। साल 2024 का जनादेश भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आप सभी को याद दिलाना चाहता हूं कि जब भारत दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, तब गरीबी दर बढ़ रही थी। जब भारत 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया, तो 25 करोड़ से अधिक लोग सफलतापूर्वक गरीबी से बाहर आ गए। मैं आपको गारंटी देता हूं, जब हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे, तो न केवल गरीबी खत्म हो जाएगी, बल्कि एक 'नया मध्यम वर्ग' भारत के विकास को बढ़ावा देगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार तीसरे कार्यकाल की तैयारी में अभी से जुट गई है। हम आने वाले पांच साल का रोडमैप बना रहे हैं। पहले 100 दिनों में हमें कौन-कौन से बड़े फैसले लेने हैं, इस पर तेजी से काम चल रहा है। बीते 10 वर्षों में तो आपने विकास का ट्रेलर ही देखा है, अभी तो हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का समय आ गया है। भारत चल पड़ा है। आज भारत में तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है। भारत इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है। आज हर सेक्टर में नौजवानों के लिए नए अवसर बन रहे हैं। आज देश की नारीशक्ति नए संकल्पों के साथ आगे आ रही है। आज भारत की साख नई ऊंचाई पर है। पूरी दुनिया भारत को भरोसे से देख रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनेगा, यह लोगों को असंभव लगता था, लेकिन राम मंदिर भी बना है और हर रोज वहां लाखों लोग दर्शन के लिए भी जा रहे हैं। यह मोदी गरीबी से तपकर आज यहां पहुंचा है और इसलिए हर गरीब का दुख, हर गरीब की पीड़ा, हर गरीब की तकलीफ मोदी भली-भांति समझता है। इसलिए मैंने गरीब की हर चिंता को दूर करने के लिए योजनाएं बनाईं। हमने गरीब को सशक्त ही नहीं किया है, बल्कि हमने गरीब को उसका स्वाभिमान लौटाया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं अपने देश को भ्रष्टाचारियों से बचाने के लिए एक बहुत बड़ी लड़ाई लड़ रहा हूं। इसलिए बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी आज सलाखों के पीछे हैं। उच्चतम न्यायालय से भी जमानत नहीं मिल रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचारी कान खोलकर सुन लें, मोदी पर चाहे जितने भी हमले करें, यह मोदी है, रुकने वाला नहीं है। भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, एक्शन होगा और जरूर होगा। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा। यह मोदी की गारंटी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ आपके पास राजग है, जो भ्रष्टाचार मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है। दूसरी ओर, आपके पास इंडि गठबंधन है, जो भ्रष्ट नेताओं को बचाने पर केंद्रित है। वे सोच सकते हैं कि मोदी को डरा देंगे, लेकिन मेरे लिए मेरा भारत ही मेरा परिवार है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस का एक और देशविरोधी कारनामा सामने आया है। तमिलनाडु में भारत के समुद्री तट से कुछ दूर, श्रीलंका और ​तमिलनाडु के बीच में एक द्वीप है- कच्छतीवु। देश आजाद हुआ, तब यह द्वीप हमारे पास था, लेकिन कांग्रेस ने चार-पांच दशक पहले मां भारती का एक अंग काट दिया और भारत से अलग कर दिया।

Google News

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News

'छद्म युद्ध' की चुनौतियां 'छद्म युद्ध' की चुनौतियां
आर्थिक दृष्टि से अधिक शक्तिशाली भारत अपने दुश्मनों पर और ज्यादा शक्ति के साथ प्रहार कर सकेगा
दपरे: कारगिल युद्ध के वीरों के सम्मान में सेंट्रल हॉस्पिटल ने रक्तदान शिविर लगाया
कर्नाटक सरकार ने रामनगर जिले का नाम बदलकर बेंगलूरु दक्षिण करने का फैसला किया
मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंटल सेंटर ने कारगिल युद्ध विजय की 25वीं वर्षगांठ मनाई
एमयूडीए मामला: प्रह्लाद जोशी ने सिद्दरामैया पर आरोप लगाया, सीबीआई जांच की मांग की
भोजनालयों पर नाम प्रदर्शित करने संबंधी निर्देश पर योगी सरकार ने उच्चतम न्यायालय में क्या दलील दी?
'विपक्षी दल के रूप में काम नहीं कर रही भाजपा, कुछ भी गलत या घोटाला नहीं हुआ'