चुनाव आयोग को प. बंगाल में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण करना चाहिए: सुवेंदु अधिकारी
कहा- 'रोहिंग्याओं का पता लगाया जाना चाहिए'

Photo: SuvenduWB FB Page
कोलकाता/दक्षिण भारत। भाजपा विधायक एवं पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का रविवार को स्वागत किया, जहां इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कवायद तृणमूल कांग्रेस शासित राज्य में भी की जानी चाहिए।
भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने बिहार में अयोग्य नामों को हटाने तथा सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने और उन्हें मतदान में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर प्रदान करने के लिए निर्देश जारी किए हैं।उन्होंने कहा, 'यह एक अच्छा कदम है और इससे पारदर्शिता आएगी। देश में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने वाले अवैध प्रवासियों की पहचान की जानी चाहिए।'
भाजपा नेता ने कहा, 'जिन लोगों ने फर्जी आधार कार्ड और पहचान पत्र के जरिए नामांकन कराया है, उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए जाने चाहिएं।'
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को कहा कि बिहार के 7.96 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 87 प्रतिशत को राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए अर्द्ध-भरे हुए गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं।
सुवेंदु अधिकारी ने पहले भी कई मौकों पर आरोप लगाया था कि बांग्लादेश से आए अवैध प्रवासियों ने बंगाल की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है और उनकी पहचान करने तथा मतदाता सूची से उनके नाम हटाने की मांग की थी।
उन्होंने कहा, 'बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जाना चाहिए। अवैध तरीकों से फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र हासिल करने वाले रोहिंग्याओं का पता लगाया जाना चाहिए।'
About The Author
Related Posts
Latest News
