शुभांशु भारत भूमि से सबसे दूर हैं, भारतवासियों के दिलों के सबसे करीब हैं: मोदी
प्रधानमंत्री ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बातचीत की

Photo: @NarendraModi YouTube Channel
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में गए भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से शनिवार को बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनसे कहा कि आज आप भारत भूमि से सबसे दूर हैं, लेकिन भारतवासियों के दिलों के सबसे करीब हैं। आपके नाम में भी 'शुभ' है और आपकी यात्रा नए युग का 'शुभारंभ' भी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय बात हम दोनों कर रहे हैं, लेकिन मेरे साथ 140 करोड़ भारतवासियों की भावनाएं भी हैं। मेरी आवाज में सभी भारतीयों का उत्साह और उमंग शामिल है। अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने के लिए मैं आपको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।प्रधानमंत्री ने कहा कि परिक्रमा करना भारत की सदियों पुरानी परंपरा है। आपको तो पृथ्वी माता की परिक्रमा का सौभाग्य मिला है। शुभांशु, चंद्रयान की सफलता के बाद देश के बच्चों में, युवाओं में विज्ञान को लेकर एक नई रुचि पैदा हुई, अंतरिक्ष को एक्सप्लोर करने का जज्बा बढ़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब आपकी यह ऐतिहासिक यात्रा उस संकल्प को और मजबूती दे रही है। आज बच्चे सिर्फ आसमान नहीं देखते, वे यह सोचते हैं कि मैं भी वहां पहुंच सकता हूं। यही सोच, यही भावना हमारे भविष्य के अंतरिक्ष मिशन की असली बुनियाद है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब दुनिया के लिए अंतरिक्ष की नई संभावनाओं के द्वार खोलने जा रहा है। अब भारत सिर्फ उड़ान नहीं भरेगा, भविष्य में नई उड़ानों के लिए मंच तैयार करेगा। आज मैं विश्वास से कह सकता हूं कि यह भारत के गगनयान मिशन की सफलता का पहला अध्याय है। आपकी यह ऐतिहासिक यात्रा सिर्फ अंतरिक्ष तक सीमित नहीं है। यह विकसित भारत की हमारी यात्रा को तेज गति और नई मजबूती देगी।