मोदी जिस देश में जाते हैं, वहां तमिल भाषा और तमिल लोगों के गौरव को बढ़ाते हैं: डॉ. एल मुरुगन
प्रधानमंत्री मोदी ने 'त्रिनिदाद और टोबैगो' की यात्रा के दौरान तमिल के प्रति अपने प्रेम को व्यक्त किया

Photo: MuruganTNBJP FB Page
चेन्नई/दक्षिण भारत। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कहा कि वे दुनिया के किसी भी देश में जाएं, हमेशा तमिल भाषा और तमिल लोगों के गौरव को बढ़ावा देते हैं, जो भारत के प्राचीन गौरवों में से एक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर कैरीबियाई द्वीप देशों में से एक 'त्रिनिदाद और टोबैगो' की अपनी यात्रा के दौरान तमिल के प्रति अपने प्रेम को व्यक्त किया है।उन्होंने कहा कि एक बहादुर सेना, राष्ट्र के कल्याण की चिंता करने वाली जनता, अक्षय धन, देश के कल्याण के लिए काम करने वाला मंत्री, एक अविनाशी बल और संकट के समय साथ देने वाला मित्र देश; ये सभी छह पहलू हैं जो एक राष्ट्र के समृद्ध और सुरक्षित होने के लिए आवश्यक हैं, जैसा कि 'अय्यन वल्लुवन' ने एक हजार साल पहले कहा था। मोदी ने तिरुक्कुरल और तिरुवल्लुवर को विश्व मंच पर प्रसिद्ध किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि उपर्युक्त तिरुक्कुरल के अर्थ के अनुरूप, 'त्रिनिदाद और टोबैगो' देश के भारत के साथ सदैव अच्छे मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं।
डॉ. एल मुरुगन ने कहा कि इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री को त्रिनिदाद और टोबैगो के सर्वोच्च पुरस्कारों में से एक 'ऑर्डर ऑफ़ द रिपब्लिक ऑफ़ त्रिनिदाद और टोबैगो' से सम्मानित किया गया। इसके लिए मैं देश की जनता और दुनियाभर के तमिल लोगों की ओर से बधाई देता हूं।