इंडि गठबंधन बिहार में बदलाव लाकर रहेगा: मल्लिकार्जुन खरगे
कहा- 'जदयू और भाजपा ने बिहार को देश की 'क्राइम कैपिटल' बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी'

Photo: @kharge X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस ने मंगलवार को बिहार की ‘डबल इंजन’ सरकार पर राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को नष्ट करने का आरोप लगाया। उसने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव निश्चित है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि जदयू-भाजपा गठबंधन ने बिहार को देश की 'अपराध राजधानी' बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर कहा, 'बिहार में अवसरवादी डबल इंजन सरकार ने क़ानून व्यवस्था तबाह कर दी है। पिछले छह माह में 8 बिजनेसमैन की हत्या, 5 बार पुलिस की पिटाई हुई है।'उन्होंने कहा, 'कल ही अंधविश्वास के चलते एक परिवार के पांच लोगों को मारा गया। मासूम बच्चों तक को नहीं बख़्शा। जदयू और भाजपा ... बंधन ने बिहार को देश की 'क्राइम कैपिटल' बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है।'
खरगे ने कहा, 'मोदी सरकार के खुद के आंकड़े बताते हैं कि बिहार में ग़रीबी चरम पर है, सामाजिक और आर्थिक न्याय की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है और ठप क़ानून व्यवस्था के चलते, निवेश केवल काग़ज़ों तक सीमित रह गया है।'
उन्होंने कहा, 'इस बार बिहार ने तय कर लिया है कि अब वह बीमार नहीं रहेगा। बिहार में बदलाव तय है। इंडि गठबंधन इस बदलाव को लाकर रहेगा।'