स्कूली बच्चों में भरपूर प्रतिभा व क्षमता, वे कल के चैंपियन: नीता अंबानी

ओडिशा में भारत का पहला ओलंपिक वैल्यूस एजुकेशन प्रोग्राम शुरू
मुंबई/दक्षिण भारत। इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (आईओसी) की सदस्य नीता अंबानी ने मंगलवार को ओडिशा में देश के पहले 'ओलंपिक वैल्यूस एजुकेशन प्रोग्राम' के लॉन्च को सराहा। उन्होंने कहा कि ओलंपिक की मूल भावना के अनुरूप, ओवीईपी शिक्षा और खेल की दोहरी शक्तियों को साथ जोड़ता है। युवाओं को उत्कृष्टता, सम्मान और दोस्ती के ओलंपिक मूल्यों से परिचित कराने के लिए आईओसी द्वारा ओवीईपी को डिजाइन किया गया है। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को सक्रिय, स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करना है। मुंबई में प्रस्तावित आईओसी 2023 सत्र से पहले, ओवीईपी का शुभारंभ भारत में ओलंपिक आंदोलन की एक ऐतिहासिक पहल है।
उल्लेखनीय है कि इस साल की शुरुआत में नीता अंबानी ने आईओसी सत्र 2023 की मेज़बानी के लिए हुई बिडिंग में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था, जहां 40 वर्षों के बाद भारत को करीब सर्वसम्मति से मेजबानी का अधिकार मिला। भारत में होने वाला आईओसी सत्र देश के खेल इतिहास में नए युग की शुरुआत का प्रतीक है। यह भारत की ओलंपिक आकांक्षाओं को बढ़ाएगा। साथ ही देश में स्पोर्ट्स इको सिस्टम खड़ा करने में मदद करेगा, युवाओं को अपना कौशल निखारने और वैश्विक स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने को प्रोत्साहित करेगा।नीता अंबानी ने कहा, भारत महान अवसरों और अनंत संभावनाओं का देश है। हमारे स्कूलों में 25 करोड़ से अधिक बच्चे हैं, जिनमें प्रतिभा और क्षमता है। वे कल के चैंपियन हैं, हमारे देश का भविष्य हैं। दुनिया में बहुत कम बच्चे ही ओलंपियन बन पाते हैं, लेकिन हर बच्चे को ओलंपिक के आदर्शों से अवगत कराया जा सकता है। यही ओवीईपी का मिशन है और यही इसे भारत के लिए एक बड़ा अवसर बनाता है। ऐसे में जब हम अगले साल मुंबई में आईओसी सत्र 2023 की मेजबानी की तैयारी कर रहे हैं, मैं आशा करती हूं कि देश में ओलंपिक आंदोलन और मजबूत होगा।
ओवीईपी को आधिकारिक तौर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, आईओसी सदस्य नीता अंबानी, आईओसी एजुकेशन कमीशन के अध्यक्ष मिकाएला कोजुआंग्को जॉवर्स्की, ओलंपियन और आईओसी एथलीट कमीशन के सदस्य अभिनव बिंद्रा और आईओए के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा द्वारा लॉन्च किया गया था। ओवीईपी को ओडिशा की स्कूली शिक्षा प्रणाली में एकीकृत किया जाएगा। कार्यक्रम को स्कूल और जन शिक्षा विभाग, ओडिशा सरकार और अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन ट्रस्ट की साझेदारी में विकसित किया जा रहा है।
नीता अंबानी ने भारत के ओलंपिक सपने के समर्थन और ज़मीनी स्तर पर विकास के लिए ओडिशा सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सीएम पटनायक के दूरदर्शी नेतृत्व में ओडिशा भारत की खेल महत्वाकांक्षाओं का केंद्र बन गया है। राज्य सक्रिय रूप से खेल के लिए एक समग्र इकोसिस्टम बना रहा है, जो हमारे युवा एथलीटों को उच्च गुणवत्ता वाला प्रशिक्षण और बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा।