महुआ मोइत्रा का आरोप- 'भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुझ पर अंडे फेंके'

मोइत्रा से जुड़ी यह पहली ऐसी घटना नहीं है

महुआ मोइत्रा का आरोप- 'भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुझ पर अंडे फेंके'

Photo: MahuaMoitraOfficial FB Page

कोलकाता/दक्षिण भारत। तृणकां सांसद महुआ मोइत्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के नदिया ज़िले में पार्टी विधायक अलीफ़ा अहमद के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंके और उनके ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की।

Dakshin Bharat at Google News
मोइत्रा कालीगंज के पलाशी में अहमद के घर पर तृणकां की बैठक में शामिल होने गई थीं, तभी बाहर प्रदर्शनकारियों का एक समूह जमा हो गया और 'वापस जाओ' के नारे लगाने लगा। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने अंडे भी फेंके और 'चोर' के नारे लगाए।
 
मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो शेयर किया और भाजपा कार्यकर्ताओं पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का आरोप लगाया।

हालांकि, अब तक किसी समाचार एजेंसी ने वीडियो की सच्चाई की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।

उन्होंने आरोप लगाया, 'राज्य में सरकार बदलने के बाद कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। अब भाजपा ने मुझ पर हमला करने की योजना बनाई है। ये कोई आम लोग नहीं हैं। ये भाजपा कार्यकर्ता हैं।'

ज़िले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुछ ही देर बाद पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत के बाद उन्हें वहां से हटा दिया। 
 
वैसे, मोइत्रा से जुड़ी यह पहली ऐसी घटना नहीं है।

13 जून को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कृष्णानगर ज़िला अदालत के बाहर एकत्रित हुई थीं, जहां तृणमूल सांसद को एक मामले के सिलसिले में पेश होना था। आरोप है कि उन्होंने उन पर अंडे फेंकने की कोशिश की थी। 

उस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मोइत्रा ने कहा था, 'मैं उन सभी के खिलाफ कार्रवाई करूंगी। मैं पुलिस स्टेशन जाऊंगी। अगर पुलिस हमारे साथ नहीं है तो मैं उच्च न्यायालय जाऊंगी। ज़रूरत पड़ने पर उच्चतम न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाऊंगी।'

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download