आम आदमी बुनियादी ज़रूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहा है: मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष ने 'अर्थव्यवस्था के कुप्रबंधन' का मुद्दा उठाया
Photo: @kharge X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस ने शनिवार को 'तेज़ी से बढ़ती महंगाई के कारण घटती बचत' को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा दूसरी पार्टियों से 'खरीद-फ़रोख़्त' में व्यस्त है, जबकि आम आदमी के लिए ज़रूरी चीज़ें खरीदना भी मुश्किल हो गया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के 'अर्थव्यवस्था के कुप्रबंधन' के बोझ तले परिवार बर्बाद हो रहे हैं।खरगे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'महंगाई के कारण तेज़ी से घटती बचत, खर्च उठाने में असमर्थता, उम्मीदों का टूटना, असमानता, वैश्विक स्तर पर साख में गिरावट और युवाओं में भारी आक्रोश!'
https://twitter.com/kharge/status/2068171496712016171
उन्होंने कहा, 'मोदी सरकार द्वारा अर्थव्यवस्था के कुप्रबंधन के बोझ तले परिवार बर्बाद हो रहे हैं! खुदरा महंगाई - 16 महीने के उच्चतम स्तर पर, खाने-पीने की चीज़ों की महंगाई - 4.78 प्रतिशत, थालियों से गायब हुए टमाटर।'
उन्होंने कहा, 'मेडिकल महंगाई 15 प्रतिशत से ज़्यादा, रुपया तेज़ी से गिर रहा है, विदेशी निवेशक हमसे दूर हो रहे हैं, युवाओं के लिए नौकरी नहीं, बेरोजगारी तेजी से बढ़ी है। भाजपा दूसरी पार्टियों से नेताओं को खरीदने में व्यस्त है, लेकिन आम आदमी बुनियादी ज़रूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहा है!'


