केतन अग्रवाल हत्याकांड: सिया गोयल ने कुछ समय तक केतन का मोबाइल फोन अपने पास रखा था!

बाद में उसे अग्रवाल परिवार को सौंप दिया

केतन अग्रवाल हत्याकांड: सिया गोयल ने कुछ समय तक केतन का मोबाइल फोन अपने पास रखा था!

Photo: PixaBay

पुणे/भाषा। पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल का मोबाइल फोन कुछ समय तक उसकी मंगेतर सिया गोयल के पास रहा था। हालांकि बाद में उसे अग्रवाल परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने केतन की कथित हत्या की जांच का हवाला देते हुए यह जानकारी दी।

Dakshin Bharat at Google News
पुलिस ने बताया कि 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले पर सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने केतन को कथित रूप से एक खाई में धक्का दे दिया था। केतन और सिया की शादी इसी वर्ष नवंबर में होने वाली थी।

कथित हत्या के बाद सिया और चेतन को गिरफ्तार कर लिया गया था तथा उन्हें तीन जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

अभियोजन पक्ष ने सोमवार को दोनों आरोपियों की पुलिस हिरासत बढ़ाने का अनुरोध करते हुए अदालत को बताया कि जांचकर्ता यह पता लगाना चाहते हैं कि जब सिया के पास केतन का मोबाइल फोन था तब उसने फोन से कोई सबूत मिटाया या नष्ट तो नहीं किया।

इस बीच, पुलिस ने बुधवार को सह-आरोपी चेतन चौधरी के साथ घटनास्थल पर जाकर अपराध के घटनाक्रम को समझने के लिए दृश्यों का रूपांतरण किया। पुलिस ने बताया कि केतन की हत्या की साजिश में चेतन की भी भूमिका थी।

पुलिस इससे पहले रविवार को सिया के साथ भी घटनास्थल पर जा चुकी है, जिसके दौरान उसकी मौजूदगी में एक डमी को खाई में नीचे धक्का दिया गया था।

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, जांच में यह सामने आया कि केतन को कथित तौर पर धक्का देने के बाद उसका मोबाइल फोन सिया के पास था।

उन्होंने बताया, 'बाद में सिया ने यह फोन केतन के परिवार को सौंप दिया। हम यह जांच कर रहे हैं कि जब फोन सिया के पास था तो उसमें से कहीं कोई महत्वपूर्ण सबूत मिटाया गया या उससे छेड़छाड़ तो नहीं की गई।'

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download