हमें कांग्रेस-मुक्त तेलंगाना का सपना पूरा करना होगा: नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तेलंगाना के औशापुर में राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया
Photo: @BJP4India X account
औशापुर/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को तेलंगाना के औशापुर में पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज भाजपा का विशाल वटवृक्ष आप देख रहे हैं, यह हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है।
उन्होंने कहा कि सन् 1980 में स्थापित भाजपा को सन् 1984 के चुनाव में सिर्फ दो सीटें मिली थीं। आज यह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इसका श्रेय भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं को जाता है, जो सबसे निचले स्तर पर काम करते हुए कमल खिलाने का संकल्प पूरा करते हैं।नितिन नवीन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 'एक भारत श्रेष्ठ भारत', पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' और अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन के भाव को आत्मसात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक भारत के निर्माण में लगे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में विकास की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को पूरा किया गया। कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत का तिरंगा लहराता रहे, इस संकल्प को पूरा किया गया।
नितिन नवीन ने कहा कि मैं यहां उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से आने वाले वर्षों में और अधिक संघर्ष करने का आह्वान करने आया हूं। सन् 2047 तक विकसित भारत की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना को साकार करने के लिए हम सभी को अपना पुरुषार्थ करना होगा। समर्पण और संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।
नितिन नवीन ने कहा कि जो लोग पूछते हैं कि हमें पश्चिम बंगाल में किस प्रकार जीत मिली, मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि इस जीत के पीछे हमारे विचार हैं, हमारा नेतृत्व है और हमारे कार्यकर्ताओं का संघर्ष है।
नितिन नवीन ने कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कि क्या बदला..? पूरे विश्व में इस देश के तिरंगे का सम्मान बदल गया है। कल तक पाकिस्तान का झंडा कश्मीर के लाल चौक पर लहरा दिया जाता था, और दिल्ली में बैठी कांग्रेस सरकार मौन रहती थी। आज कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा लहरा रहा है। यह नए भारत की तस्वीर है। लेकिन अभी हमें और भी काम करना है।
नितिन नवीन ने कहा कि हमें कांग्रेस-मुक्त तेलंगाना का सपना पूरा करना होगा। हमारी पार्टी में स्पष्टता है: राष्ट्र सर्वोपरि, पार्टी उसके बाद और ख़ुद सबसे आखिर में। इसी सिद्धांत को ध्यान में रखकर भाजपा कार्यकर्ता हर दिन काम करते हैं।


