राहुल गांधी पार्ट टाइम राजनेता हैं: नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वारंगल में पार्टी के बूथ अध्यक्षों को संबोधित किया
Photo: @BJP4India X account
वारंगल/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को तेलंगाना के वारंगल में पार्टी के बूथ अध्यक्षों की बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तेलंगाना से भाजपा का रिश्ता संघर्षों का रहा है। ऐसा रिश्ता, जो यहां की जनता के विश्वास के साथ है। तेलंगाना की जनता ने सन् 1984 में यहां से भारतीय जनता पार्टी को पहला सांसद दिया था। इसके लिए मैं तेलंगाना की जनता को मैं हमेशा नमन करता हूं।
नितिन नवीन ने कहा कि तेलंगाना की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष के बल पर सन् 2028 में हम तेलंगाना में भी डबल इंजन की सरकार बनाएंगे। यह हमारा संकल्प है। हम तेलंगाना को एक ऐसी सरकार देंगे, जो राष्ट्रवाद के विचारों पर खड़ी होगी और जिसकी जड़ें भारतीय संस्कृति से जुड़ी होंगी, जो यहां विकास का एक नया आयाम देगी।नितिन नवीन ने कहा कि परिवारवादी पार्टियों के चक्कर में तेलंगाना के लोगों का सपना खो गया है। इसलिए हम तेलंगाना के लोगों का सपना पूरा करने के लिए संकल्पित हैं। भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो सेवा के माध्यम से सत्ता प्राप्त करती है। सत्ता हमारे लिए जनसेवा का माध्यम है। इसलिए तेलंगाना में भी हर बूथ पर हमें कमल खिलाना होगा और तेलंगाना को विकास के रास्ते पर लाना होगा।
नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी पार्ट टाइम राजनेता हैं, जबकि भाजपा का हर कार्यकर्ता जनसेवा के लिए फुल-टाइम राजनीति करता है। अगर 24 घंटे कार्य करने वाला कार्यकर्ता किसी पार्टी के पास है, तो वह भाजपा के पास है।
नितिन नवीन ने कहा कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार को सिर्फ अपने परिवार की चिंता है। इन्हें जनता की कोई चिंता नहीं है। कांग्रेस की सरकार का पुराना मॉडल है- वादा करो, लेकिन कभी निभाना नहीं। कांग्रेस सरकार की पहचान है- वादा करो और भूल जाओ।
नितिन नवीन ने कहा कि आज मैं तेलंगाना के युवाओं, किसानों और महिलाओं को भरोसा दिलाने आया हूं कि भाजपा की सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आपके लिए काम करती है, जनता के लिए काम करती है। आने वाले समय में, आपके संघर्षों के साथ भाजपा यहां डबल इंजन की सरकार बनाएगी और तेलंगाना की जनता के हर सपने को पूरा करेगी।
नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज अपने साथियों के माध्यम से स्पष्ट रूप से कहती है कि हमारी पहचान परिवारवादियों की नहीं है। हम राष्ट्रवाद के विषय पर विश्वास करते हैं। हम तुष्टीकरण पर नहीं, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास पर विश्वास करते हैं। हम वोटबैंक की नहीं, विकास की राजनीति पर विश्वास करते हैं।


