सिया-केतन मामले से सबक

'ना' कहने को सामाजिक स्वीकृति मिलनी चाहिए

सिया-केतन मामले से सबक

संबंधित व्यक्ति के गुण-अवगुण का जरूर पता लगाएं

पुणे के सिया-केतन मामले में हो रहे खुलासों से हर कोई हैरान है। पहले, जो कहानियां फिल्मों और धारावाहिकों आदि में देखने-सुनने को मिलती थीं, अब वे समाज की कड़वी हकीकत बनती जा रही हैं। ऐसे गंभीर अपराधों में युवाओं का शामिल होना चिंताजनक है। सिया-केतन मामले से समाज को कुछ सबक भी लेने होंगे। जब अपने बच्चों के रिश्ते करें तो उनके साथ खुलकर बात करें। रिश्ता स्वीकार करने के लिए किसी तरह का दबाव न डालें। 'ना' कहने को सामाजिक स्वीकृति मिलनी चाहिए। अगर कोई युवक या युवती उस रिश्ते से खुश नहीं है तो उसके पास अलग होने का विकल्प होना चाहिए। रिश्ते में छल और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। ऐसी नौबत ही नहीं आनी चाहिए। आजकल रिश्ता करते समय रूप-सौंदर्य और धन-दौलत को ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है। चरित्र, गुण, स्वभाव और अन्य बिंदुओं की उपेक्षा की जा रही है। बाद में, जब उनकी ओर ध्यान जाता है तो जीवन में क्लेश मचता है। इसलिए संबंधित व्यक्ति के गुण-अवगुण का जरूर पता लगाएं। उसके परिवार के बारे में भी पड़ताल करें। कई लोग बात पक्की करते समय बहुत अच्छा बर्ताव करते हैं, खूब मीठा बोलते हैं। वे बाद में अपना असली रंग दिखाते हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहें। जो व्यक्ति या परिवार बार-बार झूठ बोले, अपने धन और शक्ति की डींगें हांके, अपनी ऊंची पहुंच का बखान करे, हर बात में अपनी मर्जी चलाए, उससे दूर रहने में ही आपका कल्याण है। ऐसा व्यक्ति या परिवार भविष्य में कष्टों का कारण बन सकता है। लोग शादियों में लाखों-करोड़ों रुपए खर्च करते हैं। वे भव्य टेंट लगाते हैं। कई प्रकार के पकवान पेश करते हैं। इससे कुछ समय के लिए खुशी तो मिल सकती है, लेकिन भविष्य में खुशी की कोई गारंटी नहीं है। कई परिवारों के पैरों तले उस समय जमीन खिसक जाती है, जब उन्हें पता चलता है कि शादी से पहले जो कुछ बताया गया था, वह झूठ था।

Dakshin Bharat at Google News
ऐसे धोखेबाजों से बचने के लिए प्राइवेट डिटेक्टिव एजेंसियों की मदद लेने का चलन बढ़ता जा रहा है। उनकी कार्यशैली से सहमत या असहमत हो सकते हैं, लेकिन यह हकीकत है कि उनकी वजह से कई लोग गलत रिश्ते में फंसने से बचे हैं। एआई के दौर में सोशल मीडिया पर अच्छी बातें लिखने वालों की बाढ़-सी आ गई है। जिन्होंने पहले कभी एक पृष्ठ अपने मन से नहीं लिखा था, आज वे धड़ाधड़ पोस्ट डाल रहे हैं, क्योंकि पूरा काम एआई से हो रहा है। सिर्फ अच्छी सोशल मीडिया पोस्ट देखकर किसी के बारे में राय न बनाएं। जब किसी कारणवश रिश्ता टूट जाता है तो दु:ख होता है। यह स्वाभाविक है। याद रखें, रिश्ता टूटना भविष्य में हिंसा, प्रतिशोध और धोखे से कहीं बेहतर है। कई लोग शादी के लिए ग़ैर-ज़रूरी दबाव बनाते हैं। उनके पास सबसे बड़ा काम यही होता है कि जहां कोई अविवाहित युवक या युवती मिल जाए, उस पर सवाल दाग देते हैं- 'हां तो बेटा, शादी कब कर रहे हो?' जब एक ही सवाल बार-बार पूछा जाता है तो उससे झुंझलाहट पैदा होती है। कई बार ऐसे सवाल टकराव का रूप ले लेते हैं। किसी से एक ही सवाल बार-बार पूछकर उसे असहज करना ठीक नहीं है। शादी के मामले में युवक-युवती पर दबाव डालने से चीजें बिगड़ गईं तो जिम्मेदारी कौन लेगा? यह बात ध्यान में रखें। कुछ लोगों को खतरनाक जगहों पर घूमना बहुत पसंद होता है। वे पहाड़ों की ऊंचाइयों से लेकर समुद्र की गहराइयों तक को नापने का शौक रखते हैं। ऐसी जगहों के साथ कुछ जोखिम जुड़े होते हैं। अगर शादी से पहले या उसके तुरंत बाद वहां न जाएं तो बेहतर है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download