असम में कई जगह बाढ़ जैसे हालात, अमित शाह ने हिमंत बिस्व सरमा से बात की

16,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए

असम में कई जगह बाढ़ जैसे हालात, अमित शाह ने हिमंत बिस्व सरमा से बात की

Photo: @BJP4India X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा को फ़ोन करके राज्य के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पर चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

Dakshin Bharat at Google News
उन्होंने बताया कि अमित शाह ने राज्य में उफान पर चल रहीं नदियों से हुए नुकसान का जायज़ा लिया और स्थिति से निपटने के लिए केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, धेमाजी में चार राजस्व मंडलों के 69 गांवों में लगभग 16,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
 
सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'धेमाजी में बाढ़ की स्थिति शुरू होने के बाद से ही मैं उस पर बारीकी से नज़र रख रहा हूं। हमारे लोगों की ज़िंदगी पर इसके असर से हमें बहुत दु:ख है। इस मुश्किल समय में हम मज़बूती से उनके साथ खड़े हैं।'

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 'सभी प्रभावित परिवारों की तत्काल सुरक्षा और दीर्घकालिक पुनर्वास को प्राथमिकता देने के लिए अपने सभी संसाधनों को जुटा रही है'। 
 
सरमा ने कहा, 'हम अपने लोगों पर इस बाढ़ के असर को कम करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।'

उत्तर फ्रंटियर रेलवे के एक प्रवक्ता ने पहले कहा था कि बाढ़ और रेलवे पुल के पास ज़मीन के कटाव की वजह से धेमाजी ज़िले में आर्चीपाथर और सिमेन चपारी के बीच ट्रेन का परिचालन रोक दिया गया है।

रेलवे ने रविवार को एक बयान में कहा, 'केएम 408/11-13 पर स्थित यह पुल, जिसे सन् 1965 में बनाया गया था और बाद में ब्रॉड गेज में बदला गया था, सुरक्षित हालत में था, लेकिन भारी बारिश में नदी के किनारे का एक बड़ा हिस्सा बह जाने के कारण इसका एक पिलर अस्थिर हो गया।'

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download