राम मंदिर दान विवाद: एफआईआर में नामज़द सभी 8 आरोपी गिरफ़्तार

एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट में की गई सिफारिशों के आधार पर हुई कार्रवाई

राम मंदिर दान विवाद: एफआईआर में नामज़द सभी 8 आरोपी गिरफ़्तार

Photo: PixaBay

अयोध्या/दक्षिण भारत। अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले दान में कथित हेराफेरी के मामले में एफआईआर में नामजद आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

Dakshin Bharat at Google News
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर यह एफआईआर दर्ज की गई है। यह आरोपों की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट में की गई सिफारिशों के आधार पर दर्ज की गई है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि एफआईआर में नामजद सभी आठ लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया है और जांच के तहत उनसे पूछताछ की जा रही है।

एक अधिकारी ने बताया कि एफआईआर में जिन लोगों के नाम हैं, वे हैं— अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर यादव उर्फ ​​टिन्नू। ये मंदिर में दान के तौर पर मिली नकदी और कीमती सामान की गिनती की प्रक्रिया से जुड़े थे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'सभी आरोपी अयोध्या में ही थे और उन्हें गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उनसे आगे पूछताछ की जा रही है। पुलिस उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की तैयारी कर रही है।'
 
यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 (मालिक के कब्ज़े वाली संपत्ति की क्लर्क या नौकर द्वारा चोरी), 316 (आपराधिक विश्वासघात), 317 (बेईमानी से चोरी का सामान लेना) और 61 (आपराधिक साजिश) के साथ-साथ अन्य प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया है।

बता दें कि राम मंदिर के लिए मिले दान में कथित हेराफेरी का विवाद 7 जून को सामने आया था। उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर 13 जून को एक एसआईटी बनाई, जिसने 23 जून को सरकार को अपनी शुरुआती रिपोर्ट सौंपी।
 
एसआईटी की सिफारिशों के आधार पर 25 जून की रात को एफआईआर दर्ज की गई और अयोध्या पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download