आयतुल्लाह खामेनेई को श्रद्धांजलि देने के लिए ईरान जाएंगी महबूबा मुफ्ती

पीडीपी प्रमुख ने कहा, 'मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है'

आयतुल्लाह खामेनेई को श्रद्धांजलि देने के लिए ईरान जाएंगी महबूबा मुफ्ती

Photo: jkpdp1 FB Page

श्रीनगर/दक्षिण भारत। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ईरान के दिवंगत (पूर्व) सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण मिलने के बाद उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए ईरान जाने वाली हैं।

Dakshin Bharat at Google News
ईरान के इस्लामिक गणराज्य के सर्वोच्च नेता के कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग के निदेशक मोहसिन कुम्मी ने महबूबा को भारत की एक विशिष्ट अतिथि के तौर पर अंतिम संस्कार के समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा है।

पीडीपी प्रमुख ने कहा, 'मेरे लिए यह बहुत सम्मान की बात है और ईरान से मिला यह निमंत्रण जीवन में एक बार मिलने वाला मौका है। मैं सर्वोच्च नेता को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए वहां जाऊंगी।'

निमंत्रण पत्र में बताया गया था कि ग्रैंड आयतुल्लाह सैयद अली खामेनेई की 28 फरवरी को मौत हो गई थी और राष्ट्रीय शोक की अवधि तथा इस्लामिक गणराज्य के नियमों के अनुसार, 3 से 6 जुलाई तक तेहरान में राजकीय अंतिम संस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा।

'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान और भारतीय गणराज्य के बीच गहरे ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को देखते हुए, मैं भारतीय राष्ट्र के एक विशिष्ट अतिथि के तौर पर, महामहिम को इस गरिमापूर्ण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना अपना बहुत बड़ा सम्मान मानता हूं।'

महबूबा को लिखे पत्र में कहा गया है, 'आपकी मौजूदगी हमारी दो महान प्राचीन सभ्यताओं के बीच गहरी दोस्ती और आपसी सम्मान का सबूत होगी।'  
 
कार्यक्रम के अनुसार, दिवंगत नेता को विदाई 3 जुलाई को तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसाला कॉम्प्लेक्स में दी जाएगी। अगले दिन श्रद्धांजलि सभा होगी और 6 जुलाई को अंतिम संस्कार का जुलूस निकाला जाएगा।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download