मोदी के इस्तीफे की केपीसीसी की मांग सिर्फ एक राजनीतिक ड्रामा है: विजयेंद्र येडीयुरप्पा
'लोग हमेशा की तरह कांग्रेस के ड्रामे की असलियत समझ जाएंगे'
Photo: BYVijayendra FB Page
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येडीयुरप्पा ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करने पर कांग्रेस पर 'पाखंड' का आरोप लगाया।
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि 'कितना भी शोर-शराबा, बनावटी आक्रोश या चुनिंदा नैतिकता' मोदी में लोगों के भरोसे को डिगा नहीं सकते।विजयेंद्र ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'कांग्रेस ने पाखंड को अपनी आदत बना लिया है। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की केपीसीसी की मांग सिर्फ एक राजनीतिक ड्रामा है।'
विजयेंद्र ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी पर अंगुगली उठाने से पहले, कांग्रेस को सबसे पहले यह जवाब देना चाहिए कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में गंभीर सवालों का सामना करने के बावजूद सार्वजनिक पदों पर क्यों बने हुए हैं, जबकि यह मामला हमारे स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत से बनी संपत्ति से जुड़ा है?'
विजयेंद्र ने कहा, 'श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट एक स्वतंत्र संस्था है। जैसे ही आरोप सामने आए, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और जांच के आदेश दिए। जिस सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं होता, वह इसी तरह व्यवहार करती है। लेकिन कर्नाटक में कांग्रेस ने एमयूडीए और वाल्मीकि घोटालों को दबाने के लिए हर तरह की चाल चली।'
विजयेंद्र ने कहा, 'वही पार्टी जो ईडी या सीबीआई के उसके घोटालों पर कार्रवाई करने पर 'राजनीतिक बदले की भावना' का शोर मचाती है, अब अचानक सीबीआई पर भरोसा जता रही है, क्योंकि यह उसकी राजनीति के लिए फायदेमंद है।'
विजयेंद्र ने कहा, 'यह अयोध्या की चिंता नहीं है। यह कांग्रेस की ओर से राम मंदिर के नाम पर अपने भ्रष्टाचार को छिपाने की कोशिश है। कितना भी शोर-शराबा हो, बनावटी गुस्सा हो या चुनिंदा नैतिकता की बातें हों, इनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लोगों का भरोसा नहीं डगमगा सकता। कांग्रेस चाहे जितना भी शोर मचा ले, लेकिन लोग हमेशा की तरह आपके ड्रामे की असलियत समझ जाएंगे।'


