गैस की आपूर्ति सामान्य होने पर सरकार ने होर्मुज़ में रुकावट के दौरान लागू पाबंदियां हटाईं
सरकार ने अनिश्चितता के दौर में भी गैस का वितरण बरकरार रखा था
अब गैस आपूर्ति सामान्य हो गई है
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। पश्चिमी एशिया में संघर्ष के दौरान लागू किए गए आपातकालीन प्राकृतिक गैस आपूर्ति विनियमन आदेश के ज़्यादातर प्रावधानों को सरकार ने वापस ले लिया है। यह कदम तब उठाया गया जब सीज़फ़ायर के बाद होर्मुज़ जलडमरूमध्य से लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) की शिपमेंट फिर से शुरू हो गई।
एक नोटिफिकेशन में, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 'नेचुरल गैस (सप्लाई रेगुलेशन) ऑर्डर, 2026' में बदलाव करते हुए कुछ अहम ऑपरेशनल प्रावधानों को हटा दिया। इसके बाद, देश में पैदा होने वाली सभी प्राकृतिक गैस और आयातित एलएनजी को सरकार द्वारा तैयार की गई प्राथमिकता वाले ग्राहकों की नई सूची के आधार पर बेचा जाने लगा।आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 9 मार्च को जारी किया गया मूल आदेश, पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से एलएनजी शिपमेंट बाधित होने के बाद लाया गया था, जिसके चलते आपूर्तिकर्ताओं ने अप्रत्याशित घटना का हवाला देते हुए माल को प्राथमिकता वाले उपभोक्ताओं की ओर मोड़ दिया था।
कई एलएनजी आपूर्तिकर्ताओं ने पश्चिम एशिया में टकराव के कारण 'फोर्स मेज्योर' (अपरिहार्य परिस्थितियों) की घोषणा कर दी थी, जिससे मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट्स के तहत गैस की आपूर्ति करना मुश्किल हो गया था।
नतीजतन, भारत को गैस आयात को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ा और उसने पूरे देश में प्राकृतिक गैस के उत्पादन, आवंटन, वितरण और इस्तेमाल को विनियमित करने का फैसला किया था।
आपातकालीन नियम ने सरकार को उपलब्ध प्राकृतिक गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की ओर मोड़ने की अनुमति दी थी। इस आदेश में भारत में उत्पादित प्राकृतिक गैस, आयातित एलएनजी और रीगैसिफाइड एलएनजी शामिल थीं।
इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आपूर्ति में रुकावट के बावजूद ज़रूरी उद्योगों और उपभोक्ताओं को गैस मिलती रहे। सरकार ने अनिश्चितता के दौर में भी गैस का वितरण बरकरार रखा था।


