द्रमुक छोड़कर टीवीके में शामिल होने के कयासों पर क्या बोले पनीरसेल्वम?
वे इसी साल द्रमुक में शामिल हुए थे
Photo: OfficeOfOPS FB Page
थेनी/भाषा। पूर्व मुख्यमंत्री एवं द्रमुक विधायक ओ. पनीरसेल्वम ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उन खबरों को मंगलवार को ‘अफवाह’ बताकर खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वे सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं।
पनीरसेल्वम ने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि इस समय तमिलनाडु की राजनीति में नेताओं के दल-बदल की चर्चा जोरों पर है, और उन्होंने इसे ‘जनता से विश्वासघात’ बताते हुए इसकी निंदा की।जब उनसे सोशल मीडिया पर प्रसारित उन खबरों के बारे में पूछा गया कि वह टीवीके में जाने पर विचार कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा, ‘यह महज अफवाह है और इसके पीछे राजनीतिक शरारती तत्त्व हैं। यह महज अफवाह से ज्यादा कुछ नहीं है। इसलिए इस दावे की पड़ताल की कोई जरूरत ही नहीं है।’
पनीरसेल्वम ने द्रमुक की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह ‘तमिलनाडु में द्रविड़ दलों की मूल संस्था है।’
उन्होंने कहा, ‘इस तरह की अफवाहें नहीं फैलाई जानी चाहिएं। लोग पहले से ही इस (टीवीके) सरकार की आलोचना करने लगे हैं।’
उन्होंने यह भी दावा किया कि जल्द ही बड़े राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं, हालांकि उन्होंने इस बारे में कुछ विस्तार से नहीं बताया।
अन्नाद्रमुक के नेता रहते हुए तीन बार मुख्यमंत्री रहे पनीरसेल्वम को साल 2022 में पार्टी से निष्कासित किया गया था और वे 27 फरवरी, 2026 को तत्कालीन मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की उपस्थिति में द्रमुक में शामिल हुए थे।


