
'आप' पर नड्डा का हमला: गुजरात में झाड़ू का कोई काम नहीं, यहां पूरा वातावरण साफ
नड्डा ने दावा किया कि गुजरात की जनता ने भाजपा के पक्ष में एकतरफा फैसला देने का मन बना लिया
नड्डा ने कहा कि मोदी ने विकास की एक मजबूत नींव रखी, उस नींव पर गुजरात आगे बढ़ रहा है
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में दावा किया कि गुजरात की जनता ने भाजपा के पक्ष में एकतरफा फैसला देने का मन बना लिया है। यहां के लोगों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अथाह प्रेम और अटूट विश्वास है।
नड्डा ने कहा कि गुजरात को विकसित गुजरात बनाने का कार्य मुख्यमंत्री मोदी के कार्यालय में किया गया और प्रधानमंत्री के रूप में भी उन्हें सदैव गुजरात का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है।
नड्डा ने कहा कि मोदी ने विकास की एक मजबूत नींव रखी, उस नींव पर गुजरात आगे बढ़ रहा है। गुजरात के लोगों ने पिछले 27 सालों में जो परिवर्तन देखा है, उसी को देखकर वो समर्पित भाव से भाजपा को वोट दे रहे हैं।
नड्डा ने दावा किया कि मैं पूर्ण विश्वास के साथ कह सकता हूं कि चुनावी फैसला एकतरफा भाजपा के पक्ष में आएगा। प्रधानमंत्री एक ऐसी शख्सियत हैं, जिन्होंने राजनीति की संस्कृति बदली है। इसलिए हमें राजनीति में नीचे तक उनका प्रभाव देखने को मिलता है।
हमने उनसे सीखा है कि चुनाव, चुनाव की तरह लड़ा जाता है। हमारे प्रधानमंत्री सबसे विश्वसनीय नेता हैं, उन पर सभी का अटूट विश्वास है। भारतीय जनता पार्टी एक बहुत ही संगठित राजनीतिक दल है। हमारे पास प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व है और उनकी लोकप्रियता व नेतृत्व क्षमता का हम हर स्तर पर उपयोग करते हैं। इसके अतिरिक्त चुनाव में हमारा एक-एक कार्यकर्ता अपना पूरा योगदान देता है।
नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दिशा भ्रमित हो चुकी है। इनको समझ में नहीं आ रहा है कि चुनाव को किस तरीके से लड़ना है। दूसरा, इनका फ़्रस्ट्रेशन है। प्रधानमंत्री की शख्सियत से ये इतने घबराए हुए हैं कि यह भी ध्यान में नहीं रखते कि किन शब्दों और वाक्यों का इस्तेमाल करना है। उनका यह बर्ताव कांग्रेस की सोच को दर्शाता है।
नड्डा ने आम आदमी पार्टी के बारे में कहा कि वो बनारस गए थे, पिट के आए और माफी मांगी। उत्तर प्रदेश में 350 सीटों पर लडे़ और 349 पर जमानत जब्त हो गई। उत्तराखंड में 70 में से 69 सीटों पर लड़े, 65 पर जमानत जब्त हो गई। गोवा में 40 में से 35 सीटों पर जमानत जब्त हो गई। हिमाचल में भी सभी सीटों पर इनकी जमानत जब्त होगी। ये सिर्फ जनता को धोखा देने के लिए आते हैं। इनकी कोई विश्वसनीयता नहीं है।
नड्डा ने कहा कि अधिकतर क्षेत्रों में विकास के मामले में गुजरात नंबर वन है। भाजपा का मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। गुजरात में झाड़ू (आप) का कोई काम नहीं है, यहां पूरा वातावरण साफ है। यहां भाजपा ने विकास किया है, मोदी ने मजबूत विकास की नींव रखी है और भूपेंद्र पटेल ने उसे आगे बढ़ाया है।
नड्डा ने कहा कि यहां एंटी इनकंबेंसी नहीं है, प्रो-इनकंबेंसी है। गुजरात की पूरी जनता बोल रही है कि भाजपा को ही वोट देना है। विकास का एक माहौल बना हुआ है। ये लोग तो फसली बटेर हैं, जब फसल लग गई तो उसे चरने के लिए आ जाते हैं।
नड्डा ने कहा कि जहां-जहां हम सरकार में आएंगे, समान नागरिक संहिता की ओर अग्रसर होंगे। जहां सरकार है, वहां कमेटी बन रही है। हमारा संकल्प है कि समाज में शांति रहे और स्लीपर सेल एक्टिवेट न हों। जो देश को कमजोर करने की साजिशें रचता है, उसके लिए हमें अलर्ट सिस्टम चाहिए।
About The Author
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List