भारतीय नौसेना से भिड़ंत पड़ी महंगी, पुलिस को सौंपे गए 9 समुद्री डाकू

इन डाकुओं को पिछले सप्ताह सोमालिया के पूर्वी हिस्से में एक अभियान के दौरान पकड़ा गया था

भारतीय नौसेना से भिड़ंत पड़ी महंगी, पुलिस को सौंपे गए 9 समुद्री डाकू

Photo: @indiannavy X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भारतीय नौसेना ने गुरुवार को कहा कि उसने नौ समुद्री डाकुओं को मुंबई पुलिस को सौंप दिया, जिन्हें पिछले सप्ताह सोमालिया के पूर्वी हिस्से में एक अभियान के दौरान पकड़ा गया था।

भारतीय युद्धपोत आईएनएस त्रिशूल और आईएनएस सुमेधा ने 29 मार्च को गहरे समुद्र में एक बड़ा ऑपरेशन किया, जिसके परिणामस्वरूप मछली पकड़ने वाले जहाज अल कंबर और उसके चालक दल के 23 पाकिस्तानी नागरिकों को सफलतापूर्वक बचाया गया।

नौसेना ने कहा कि उस अभियान में समुद्री डकैती में शामिल सभी नौ समुद्री डाकुओं को पकड़ लिया गया।

नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा कि आईएनएस त्रिशूल 3 अप्रैल को मुंबई पहुंचा और भारतीय कानूनों, विशेष रूप से समुद्री डकैती रोधी अधिनियम 2022 के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सभी नौ समुद्री डाकुओं को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।

बताया गया कि भारतीय नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र में आने-जाने वाले सभी व्यापारिक जहाजों और नाविकों की राष्ट्रीयता की परवाह किए बिना उनकी सुरक्षा करने के अपने संकल्प की पुष्टि करती है।

Google News

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News