समुद्र तटों, पहाड़ियों, नदियों वाला हरा-भरा सुंदर मनभावन देश है वियतनाम

आधुनिक गगनचुंबी इमारतों वाले हो ची मिन्ह शहर सहित अनेक ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व वाले पर्यटन स्थल मौजूद

समुद्र तटों, पहाड़ियों, नदियों वाला हरा-भरा सुंदर मनभावन देश है वियतनाम

भारत और वियतनाम के बीच सांस्कृतिक व आर्थिक संबंध सदियों पुराने हैं

.. श्रीकांत पाराशर ..

Dakshin Bharat at Google News
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। दक्षिण पूर्व एशिया के हिंदचीन प्रायद्वीप के पूर्व भाग में स्थित है वियतनाम। इसकी सीमाओं पर चीन, लाओस, कंबोडिया तथा दक्षिण चीन सागर देश हैं। यहाँ बौद्ध धर्म का बोलबाला है जो यहाँ का प्रमुख धर्म है। वियतनाम की राजधानी हनोई शहर है लेकिन सबसे बड़ा शहर हो चो मिन्ह है। यह हमारा मित्र देश माना जाता है। 

भारत और वियतनाम के बीच सांस्कृतिक व आर्थिक संबंध सदियों पुराने हैं। यहां की मुद्रा का नाम डोंग है जो भारतीय मुद्रा रुपये की तुलना में काफी सस्ती है। भारत के एक रुपये के बदले लगभग 322 वियतनामी डोंग मिलते हैं, जिन्हें वीएनडी कहा जाता है।

वियतनाम का इतिहास

वैसे तो वियतनाम का इतिहास 2700 वर्षों से अधिक कालखंड का है लेकिन उतना पीछे न जाएं तो भी यह देश 19 वीं सदी में फ्रांस का उपनिवेश बना और 20 वीं सदी के मध्य तक फ्रांसीसियों को इन्होंने खदेड़ कर देश से बाहर कर दिया। देश दो हिस्सों में बंट गया लेकिन आगे चलकर इसने सबसे ताकतवर देश अमेरिका के भी छक्के छुड़ा दिए। 

वर्ष 1986 में एकीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ और यहां आर्थिक व राजनीतिक सुधार आए। गत एक दशक में तो देश का आर्थिक विकास दुनिया में सबसे ज्यादा तेजी से अग्रसर होता दर्ज किया गया।

समुद्र तटों, नदियों वाला हरा-भरा देश

यहाँ की नदियाँ, पहाड़ियाँ, समुद्रतट, ग्रामीण व आधुनिक जीवन शैली आदि पर्यटकों को बहुत आकर्षित करते हैं। वियतनाम की राजधानी हनोई है लेकिन सबसे बड़ा और सुंदर शहर हो ची मिन्ह है। इसका नाम पहले सैगोन (या साइगोन) था, जिसे बदलकर यहाँ के स्वतंत्रता सेनानी, साम्राज्यवादी नेता हो ची मिन्ह के नाम से रख दिया गया। हो ची मिन्ह में ऊँची ऊंची इमारतें, चौड़ी सड़कें हैं। साफ-सुथरा, सुंदर व आधुनिकता का प्रतीक शहर है। इमारतें आधुनिक वास्तुकला का नमूना हैं।

शहरी व ग्रामीण जीवनशैली

पूरे वियतनाम में वियतनामी भाषा चलती है। इसमें अधिकांश शब्द चीनी भाषा के हैं। केवल बड़े सितारा होटलों व रेस्टोरेंटस में अंग्रेजी समझने वाले लोग हैं, बाकी टूटी-फूटी अंग्रेजी व इशारों की भाषा से पर्यटकों का काम चल जाता है। मोटर साइकिल व स्कूटर का चलन ज्यादा है, चारपहिया वाहन अपेक्षाकृत कम हैं। बेरोजगारी की दर विश्व में सबसे कम है। 

वियतनाम दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश है। शराब व सिगरेट का प्रचलन खूब है। यहाँ के लोग स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक हैं। यहां मोटापे का प्रतिशत 2 है। सौ में से केवल दो लोग ही थोड़ी तोंद वाले दिख सकते हैं। यहां सामान्यतया समुद्री भोजन पसंद किया जाता है। नूडल्स, सूप, सब्जियां, सलाद पर जोर रहता है।

यहां क्वालिटी चावल का उत्पादन होता है और उसी का उपभोग भी खूब होता है। यह देश काजू का सबसे बड़ा निर्यातक और चावल निर्यात में दूसरा स्थान रखता है। कॉफी में भी ब्राजील के बाद दुनिया का सबसे बड़ा निर्यातक है।

यहां के बड़े शहरों की नाइटलाइफ पर्यटकों को आकर्षित करती है तो दूर-दराज के द्वीपों में रहने वाले ग्रामीणों के रहन-सहन, उनका जीवनयापन भी पर्यटकों की दिलचस्पी का हिस्सा है। यहां देखने के लिए बहुत कुछ है।

पर्यटकों के लिए दर्शनीय स्थल

हो ची मिन्ह से लगभग 100 किमी दूर वुंग ताऊ समुद्रतटीय कस्बा है, जहाँ का नैसर्गिक प्राकृतिक सौंदर्य सहज ही आकर्षित करता है। एक तरफ हरी-भरी पहाड़ियाँ, तो दूसरी ओर समुद्र का लंबा तट। यहाँ अनेक धार्मिक स्थल भी हैं। वुंग ताऊ में पहाड़ी पर स्थित ईसा मसीह की 32
मीटर ऊंची प्रतिमा भी आकर्षण का केंद्र है। इसके अलावा व्हाइट विला है जिसे व्हाइट पैलेस भी कहते हैं। यह फ्रांसीसी गवर्नर्स का निवास होता था।

हो ची मिन्ह सिटी में सांस्कृतिक महत्व का ओपेरा हाउस है जहां विभिन्न रंगमंचीय कार्यक्रम होते हैं। यहां होने वाला एओ शो बहुत लोकप्रिय है जो दिन में केवल एक बार होता है। हो ची मिन्ह में इंडिपेंडेंस हाउस की भव्य इमारत तथा वार मेोरियल आदि दर्शनीय स्थल हैं। यहां फ्रांस और अमेरिका के साथ वियतनामी युद्ध के दौरान वियतनामियों द्वारा कैसे रणनीति बनाई जाती थी और कैसे उस पर अमल किया जाता था, उसकी कथा कहते दृश्य व हथियार दर्शित हैं।

शहर से लगभग 70 किमी दूर कु ची टनल्स की तो बात ही छोड़ दीजिए। वियतनामी युद्ध प्रणाली व सैनिकों के साहस की जीवंत कथा सुनाती इन गुफाओं को देखने से रोंगटे खड़े हुए बिना नहीं रह सकते। इनके अलावा मेकोंग डेल्टा क्षेत्र में पानी पर तैरते गाँवों की जीवनशैली से बहुत
कुछ सीखने व समझने को मिलता है।

वियतनाम जाएं तो कैसे जाएं?

आजकल एशियाई देशों के पर्यटक विशेष रूप से दक्षिण पूर्व एशियन देश वियतनाम जाने को उत्सुक रहते हैं। वर्ष दर वर्ष यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। गत वर्ष की बात करें तो 50 लाख भारतीय पर्यटकों ने वियतनाम की सैर की। दक्षिण भारत के शहरों से भी वियतनाम जाने वाले पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिसमें बेंगलूरु और हैदराबाद से वियतनाम के हो ची मिन्ह शहर तक सीधी विमान सेवा का उपलब्ध होना है।

पर्यटकों को अच्छी विमानन सेवा उपलब्ध हो तो किसी भी देश का चयन करने में आसानी होती है और इसी दिशा में वियतनाम मूल की वियतजेट एयरलाइंस आजकल पर्यटकों की पसंदीदा एयरलाइन बनी हुई है।

वियतजेट है बेहद अनुकूल विकल्प

बेंगलूरु व हैदराबाद से हो ची मिन्ह शहर (जिसे वियतनाम की आर्थिक राजधानी कहा जाता है) के लिए वियतजेट की सीधी विमान सेवा उपलब्ध है। यह वियतनाम की सबसे बड़ी निजी एयरलाइन कंपनी है जो बहुत ही रियायती मूल्य पर बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराती है। इसका मुख्यालय वियतनाम की राजधानी हनोई शहर में है।बेंगलूरु से हो ची मिन्ह शहर के लिए वियतजेट की सप्ताह में चार बार सोम, बुध, शुक्र व रविवार को सीधी उड़ानें हैं जो लगभग 5 घंटे के आरामदायक सफर के साथ वियतनाम पहुंचा देती हैं। इसी प्रकार वापसी की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

हो ची मिन्ह वहां का सबसे बड़ा शहर है जिसकी तुलना आर्थिक दृष्टिकोण से मुंबई से कर सकते हैं। हो ची मिन्ह को केंद्र बिंदु बना कर बहुत सारे सांस्कृतिक, ऐतिहासिक व मनोरंजन महत्व के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया जा सकता है।

वियतजेट एयरलाइंस बेंगलूरु से हो ची मिन्ह शहर तक जाने और वापस लौटने का इकोनॉमी किराया महज लगभग 20 हजार रुपये तक लेती है। वर्तमान में कई तरह की रियायतें देने वाली यह कंपनी बिजनेस क्लास तथा स्काई बॉस जैसी सुविधाएं भी रियायती दरों पर उपलब्ध करा रही है। स्काई बोस श्रेणी के यात्रियों को कई प्रीमियम सुविधाएं मिलती हैं।

वियतनाम जाने के लिए पर्यटक वीजा लेना कोई मुश्किल भरा काम नहीं है। आसानी से आनलाइन आवेदन कर वीजा प्राप्त कर सकते हैं। वियतजेट एयरलाइंस का दावा है कि यह दुनिया की एकमात्र सुरक्षा और उत्पाद रेटिंग वेबसाइट पर वर्ष 2018 व 2019 में 7 स्टार रेटिंग प्राप्त कर चुकी है। वियतजेट ने वर्ष 2025 के लिए विश्व की अल्ट्रा लो-कोस्ट कैरियर का ख़िताब भी जीता है। उनके कर्मचारी अपने ग्राहकों के प्रति बेहद विनम्र, सहयोगी एवं सेवाभावी हैं।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download