तमिलनाडु सरकार चक्रवात से प्रभावित श्रीलंका की मदद के लिए तैयार: एमके स्टालिन
अब तक 212 लोगों की मौत हो चुकी है
Photo: MKStalin FB Page
चेन्नई/दक्षिण भारत। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार को कहा कि तमिलनाडु सरकार चक्रवात से प्रभावित श्रीलंका की मदद करने के लिए तैयार है और केंद्र सरकार के माध्यम से भोजन और दवाइयां भेज सकती है।
स्टालिन ने कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव एन मुरुगनंदम को निर्देश दिया है कि वे इस संबंध में केंद्रीय सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए अधिकारियों की एक समिति बनाएं।इस बीच, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के गैर-निवासी तमिलों के पुनर्वास और श्रीलंका में फंसे तमिलनाडु के यात्रियों को सुरक्षित रूप से घर वापस लाने के लिए कल्याण आयुक्तालय द्वारा कदम उठाए गए। पहले चरण में 177 लोगों, जिनमें 4 बच्चे और 60 महिलाएं शामिल हैं, को रविवार सुबह राज्य में वापस लाया गया।
शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु के लोग इस द्वीपीय राष्ट्र के लोगों के दुःख में शामिल हैं।
भारत ने बचाव कार्यों में मदद की
श्रीलंका ने रविवार को भारत की सहायता के साथ राहत और बचाव कार्य जारी रखा। चक्रवात दित्वाह के कारण बाढ़, भूस्खलन और तबाही में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।
श्रीलंका के डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर द्वारा रविवार को शाम 4 बजे जारी किए गए नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार से अब तक 212 लोग मारे जा चुके हैं और 218 लोग लापता हैं।
सेंटर ने कहा कि विषम मौसम से 2,73,606 परिवारों के कुल 9,98,918 लोग प्रभावित हुए।


