डीके शिवकुमार ने विभागों के बंटवारे पर वेणुगोपाल से चर्चा की

रविवार देर रात मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बैठक की थी

डीके शिवकुमार ने विभागों के बंटवारे पर वेणुगोपाल से चर्चा की

Photo: DKShivakumar.official FB Page

नई दिल्ली/भाषा। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सोमवार को कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से राज्य मंत्रिमंडल में फिर से मामूली फेरबदल करने और हाल में शामिल किए गए मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा की।

Dakshin Bharat at Google News
शिवकुमार ने रविवार देर रात पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ दो घंटे से अधिक समय तक बैठक की थी। इसके बाद उन्होंने सोमवार सुबह वेणुगोपाल से बातचीत की और फिर बेंगलूरु के लिए रवाना हो गए।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल में एक महिला सदस्य को शामिल करने के साथ-साथ नए मंत्रियों को विभाग आवंटित किए जाने पर चर्चा की।

सूत्रों ने बताया कि नाराज विधायकों को संतुष्ट करने के लिए मंत्रियों के विभागों में मामूली फेरबदल भी किए जाने की संभावना है तथा हाल में शामिल किए गए एक या दो मंत्रियों को हटाया जा सकता है।

शिवकुमार ने खरगे से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा था, ‘हमें एक महिला को शामिल करना है और हम ऐसा करेंगे। कोई जल्दबाजी नहीं है।’

उन्होंने कहा था कि विभागों का बंटवारा जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने लंबे समय से कर्नाटक विधान परिषद के सभापति रहे भाजपा विधायक बसवराज होरट्टी के इस्तीफे के बाद के घटनाक्रम से खरगे को अवगत कराया।

कर्नाटक में इस महीने की शुरुआत में मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार किया गया था, जिसमें 19 मंत्रियों को शामिल किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री समेत राज्य मंत्रिपरिषद में सदस्यों की संख्या बढ़कर 33 हो गई। मंत्रिमंडल में एक पद अब भी रिक्त है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download