कर्नाटक में मंत्रिपरिषद का आज होगा विस्तार
20 मंत्री लेंगे शपथ
Photo: DKShivakumar.official FB Page
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के मुख्यमंत्री का पद संभालने के दो महीने बाद डीके शिवकुमार सोमवार को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार करेंगे। इस दौरान 20 नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार शाम 4.05 बजे लोक भवन में होगा।कांग्रेस आलाकमान ने जिन 20 नामों पर स्वीकृति दी है, उनमें पीएम नरेंद्रस्वामी, शिवराज तंगडागी, रुद्रप्पा लामानी, केएस बसवंतप्पा, बी नागेंद्र, टी रघुमूर्ति, बीजेड जहीर अहमद खान, रिजवान अरशद, संतोष लाड, मधु बंगारप्पा, पुट्टुरंगाशेट्टी, मंकाला वैद्य, अजय सिंह, एन चालुवराय स्वामी, केएम शिवलिंगे गौड़ा, एचसी बालकृष्ण, गायत्री शांतिगौड़ा, बसवराज रायरेड्डी, विजयानंद काशप्पनावर और लक्ष्मण सावदी शामिल हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने मुख्यमंत्री शिवकुमार को पत्र भेजकर मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने के लिए कांग्रेस आलाकमान द्वारा इन 20 नामों को मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी है।
कांग्रेस नेतृत्व ने जीएस पाटिल के नाम को कर्नाटक विधानसभा के नए अध्यक्ष तथा एएस पोन्नन्ना के नाम को उपाध्यक्ष के रूप में भी स्वीकृति दी है।
पार्टी ने सलीम अहमद को राज्य विधान परिषद का नया सभापति तथा उमाश्री को उपसभापति नियुक्त करने का भी फैसला लिया है।
शिवकुमार ने 28 मई को सिद्दरामय्या के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद तीन जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ 13 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की थी। कर्नाटक में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद की स्वीकृत संख्या 34 है।


