ओणम के मौके पर भारतीय रेलवे चलाएगा 112 स्पेशल ट्रेनें
विशेष ट्रेनें मुख्य रूप से 14 अगस्त से 6 सितंबर के बीच चलेंगी
Photo: S.W.Railways FB Page
तिरुवनंतपुरम/दक्षिण भारत। ओणम त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे 112 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इनमें से 54 ट्रेनें दक्षिण रेलवे चलाएगा और बाकी 58 ट्रेनें अन्य ज़ोनल रेलवे चलाएंगे।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ये विशेष ट्रेनें मुख्य रूप से 14 अगस्त से 6 सितंबर के बीच चलेंगी और केरल को तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के प्रमुख शहरों से जोड़ेंगी।दक्षिण रेलवे ने कहा है कि वह अपने नेटवर्क के अंदर 38 स्पेशल ट्रिप और केरल को पड़ोसी रेलवे ज़ोन से जोड़ने वाली 16 इंटर-रेलवे स्पेशल ट्रिप चलाएगा। दक्षिण पश्चिम रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे और दक्षिण पूर्व रेलवे मिलकर केरल के लिए और केरल से होकर गुज़रने वाली 58 अतिरिक्त स्पेशल सर्विस चलाएंगे।
रेलवे ने इस साल ओणम सीज़न के लिए स्पेशल ट्रेनों के फेरों की संख्या लगभग दोगुनी कर दी है।
विज्ञप्ति के अनुसार, जहां साल 2025 में त्योहार के दौरान 55 स्पेशल ट्रिप चलाई गई थीं, वहीं इस साल यह संख्या बढ़कर 112 हो गई है, जो लगभग 103 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
इसमें कहा गया है कि विशेष ट्रेनें चेन्नई, बेंगलूरु, मैसूरु, ब्हुबली, हैदराबाद और संतरागाछी सहित प्रमुख शहरों को केरल के तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, कोट्टायम, कन्नूर, एर्नाकुलम और मंगलूरु जैसे प्रमुख स्थलों से जोड़ेंगी।
इन सेवाओं से त्योहार के लिए घर लौट रहे हज़ारों प्रवासी केरलवासियों, छात्रों, पेशेवरों और पर्यटकों को फ़ायदा होने की उम्मीद है।
दक्षिण रेलवे ने कहा, 'भारतीय रेलवे और दक्षिण रेलवे सभी प्रमुख रूटों पर वेटलिस्ट के ट्रेंड और यात्रा की मांग पर लगातार नज़र रख रहे हैं और ज़रूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें उपलब्ध करा रहे हैं।'
रेलवे ने कहा कि ये स्पेशल सर्विस वेटिंग लिस्ट कम करने, त्योहारों के मौसम में भीड़भाड़ कम करने और यात्रियों के लिए यात्रा को आसान बनाने के मकसद से शुरू की गई हैं।


