मांजलपुर में खिला कमल
दो ही उम्मीदवार मैदान में
Photo: @BJP4India X account
मांजलपुर/दक्षिण भारत। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुजरात की मांजलपुर सीट का विधानसभा उपचुनाव जीत लिया है। यहां पार्टी के उम्मीदवार सतेंद्रभाई पटेल (सतीश पटेल) विजयी हुए हैं। उन्हें कुल 55481 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी की हार हुई है।
इस सीट से दो ही उम्मीदवार खड़े हुए थे, इसलिए दोनों में सीधा मुकाबला था। भीखाभाई को कुल 24851 वोट मिले। इस तरह उन्हें 30630 वोटों के अंतर से भाजपा उम्मीदवार ने हराया। यहां 2247 वोट नोटा को मिले हैं।सतेंद्रभाई पटेल को कुल वोटों का 67.19 प्रतिशत भाग मिला है, जबकि भीखाभाई के हिस्से में 30.09 प्रतिशत वोट आए हैं। 2.72 प्रतिशत मतदाताओं ने नोटा पर भरोसा जताया है।
दतिया में कांग्रेस की बहार
मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे अच्छा है। उसके उम्मीदवार घनश्याम सिंह 6016 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 66757 वोट मिल चुके हैं। भाजपा के आशुतोष तिवारी दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें अब तक 60741 वोट मिले हैं।
आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया है। उसके उम्मीदवार दामोदर यादव 'मंडल' को 22527 वोट मिल चुके हैं। वे तीसरे स्थान पर हैं। इन तीनों के अलावा कोई भी उम्मीदवार 2000 वोटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका है। दतिया से कुल 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां नोटा को 456 वोट मिले हैं।
बांकीपुर में पीके का जलवा
बिहार की बांकीपुर सीट से जन सुराज के प्रशांत किशोर आगे चल रहे हैं। उन्होंने 18953 वोटों की बढ़त ले रखी है। प्रशांत ने मतगणना की शुरुआत में ही बढ़त बना ली थी। इसके बाद यह अंतर बढ़ता गया। चूंकि 32 राउंड में से 31 राउंड की गणना पूरी हो चुकी है। ऐसे में बांकीपुर से प्रशांत किशोर का जीतना तय माना जा रहा है।


