ड्रग्स के खिलाफ अभियान में सरकार मजबूती से युवाओं के साथ खड़ी है: प्रधानमंत्री
मोदी ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' लॉन्च किया
Photo: @BJP4India X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' लॉन्च किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज हम सभी जिस अभियान के साक्षी बन रहे हैं, वह अभियान व्यक्ति के लिए है, परिवार के लिए है, समाज के लिए भी है और सबसे बड़ी बात है कि यह राष्ट्र के लिए है। विकसित भारत संकल्प अभियान के लिए नशामुक्त युवा, इस मूवमेंट का नाम ही इसके संकल्प को स्पष्ट करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब देश ने विकसित भारत का लक्ष्य तय किया है तो इसके लिए आवश्यक है कि देश का युवा तन से स्वस्थ हो, मन से स्वस्थ हो, आत्मविश्वास से भरपूर हो और ड्रग्स जैसी घातक आदत से हमेशा हमेशा दूर ही रहे। यही इस अभियान का उद्देश्य है। इसलिए हम सबको संकल्प लेना है कि हमारे युवा नशे और ड्रग्स के खतरे को समझें, हर तरह से जागरूक रहें और उससे दूर रहें।प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ काम ऐसे होते हैं, जो व्यक्तिगत रूप से कोई प्रयास करे तो कभी-कभी निराश हो जाता है, थकान महसूस करता है, लंबी दूरी चलने में मन तैयार नहीं होता है, लेकिन जब सामूहिक अभियान बन जाता है और कंधे से कंधा मिलाकर करोड़ों लोग चल पड़ते हैं तो ऐसे सभी जो व्यक्तिगत रूप से अपने आप नहीं कर पाते हैं, उनको भी एक ऊर्जा मिल जाती है। आज उस ताकत को लेकर यह अभियान हर युवा मन को छूने वाला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा आप सभी से आग्रह है कि सब इस बड़े मूवमेंट के लीडर हैं। आपने मेरे इस विश्वास को और मजबूत किया है कि भारत का युवा कितना जागरूक है, कितना समझदार है और अपने कर्तव्यों के प्रति कितना गंभीर है। मैं आप सभी को इस अभियान के लिए अनेक-अनेक शुभकामनाएं देता हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आप भारत की अमृतपीढ़ी हैं। आप अगले 20-25 वर्षों में अपने जीवन को दिशा देंगे और आप ही सन् 2047 में देश को विकसित भारत की मंजिल तक लेकर जाएंगे और उसके शिखर पर आप ही बैठे होंगे। उसका सारा रसपान करने का अवसर आप ही को मिलने वाला है। देश को आपकी ऊर्जा, आपकी कल्पना शक्ति और आपके टैलेंट की जरूरत है, इसलिए देश के लिए और अपने जीवन के लिए खुद को नशामुक्त रखना बहुत जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 100 रविवार 'नशा मुक्त भारत' की दिशा में 100 मजबूत कदम होंगे। आज हजारों स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के लाखों विद्यार्थी इस कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े हैं। समाज का सहयोग, योग और ध्यान की ताकत, ये नशे के खिलाफ हमारे अन्तर्मन को ताकत देते हैं। आज तो हमारे पास नशा छोड़ने के लिए पुनर्वास केंद्र जैसी सुविधाएं भी हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर कोई युवा गलती से नशे में फंस भी गया है तो इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि उसके सारे रास्ते बंद हो गए हैं! हमें हमेशा इस बात का ध्यान रखना है कि घर का कोई बच्चा अगर नशे का शिकार बन गया है, तो इसे सामाजिक प्रतिष्ठा की आड़ में छिपाएं नहीं। जिसकी जरूरत हो, उसका सहयोग लें। मेडिकल हेल्प से अपने बच्चे को नशे से मुक्त कराने का प्रयास करें। हमें परिवार में बच्चों से खुलकर संवाद की संस्कृति भी बनानी चाहिए ताकि ऐसे भंवर में फंसने से पहले ही आप उसका हाथ थाम सकें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक आह्वान मैं कॉलेज और विश्वविद्यालयों के हमारे प्रोफेसर्स से भी करना चाहता हूं। आप भी कोर्स की पढ़ाई के साथ-साथ स्टूडेंट्स के साथ ड्रग्स के खतरों पर बात करें। नशे के खिलाफ अपने कैम्पस में एक मूवमेंट चलाएं। आपके प्रयास बड़े परिणाम ला सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ अभियान में आज सरकार भी मजबूती से युवाओं के साथ खड़ी है। देश में नशे के कारोबारियों और नशे पर सख्ती से कार्रवाई हो रही है, पहले की तुलना में कई गुना ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं, हजारों करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की गई हैं। यह दिखाता है कि ड्रग्स के खिलाफ हमारी सरकार कितनी सख्त है।


