भिवंडी में चार मंज़िला इमारत गिरने से 6 लोगों की मौत

मलबे में 6 से 7 लोगों के दबे होने की आशंका

भिवंडी में चार मंज़िला इमारत गिरने से 6 लोगों की मौत

Photo: PixaBay

ठाणे/दक्षिण भारत। महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंज़िला इमारत गिरने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि छह से सात लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं।

Dakshin Bharat at Google News
उन्होंने बताया कि ठाणे ज़िले के पावरलूम शहर के बालाजी नगर इलाके में कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा गुरुवार रात करीब 11:30 बजे ढह गया।

रेसिडेंट उप-कलेक्टर संदीप माने ने कहा, 'कम से कम छह लोगों की मौत हुई है। एक को छोड़कर बाकी सभी की पहचान अभी होनी बाकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।'

अधिकारी ने बताया कि मलबे के नीचे अभी भी छह से सात लोग फंसे हुए हैं और खोज व बचाव अभियान चल रहा है। अधिकारियों ने एक घायल लड़के को भी बचाया, जिसे पास के अस्पताल ले जाया गया है।

नगरपालिका अधिकारियों ने बताया कि इस इमारत में 48 कमरे थे। हर मंज़िल पर 12 कमरे थे। नगर निकाय ने इसे खतरनाक घोषित किया था। मरम्मत का काम चल रहा था, तभी यह इमारत ढह गई। 
 
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे लोगों ने इमारत से चटखने की आवाज़े सुनी थीं। इससे उनमें घबराहट फैल गई। कई परिवार बाहर निकल आए थे। जब कुछ निवासी इमारत से बाहर निकल रहे थे, एक हिस्सा ढह गया।

कई एजेंसियों का संयुक्त बचाव अभियान चल रहा है। घटनास्थल पर श्वान दस्ता, दमकल, एंबुलेंस और मलबा हटाने के लिए मशीनें तैनात हैं।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download