हम भारतीय कहीं भी जाएं, कहीं भी रहें, विविधता का सम्मान करते हैं: प्रधानमंत्री

मोदी ने मस्कत में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया

हम भारतीय कहीं भी जाएं, कहीं भी रहें, विविधता का सम्मान करते हैं: प्रधानमंत्री

Photo: @BJP4India X account

मस्कत/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ओमान के मस्कत में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक और अद्भुत सम्मान हाल ही में मिला है। यूनेस्को ने दीपावली को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत में शामिल किया है। अब दीपावली का दीया हमारे घर को ही नहीं, पूरी दुनिया को रोशन करेगा।

Dakshin Bharat at Google News
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दुनियाभर में बसे प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। दीपावली की यह वैश्विक पहचान हमारी उस रोशनी की मान्यता है, जो आशा, सद्भाव और मानवता के संदेश को, उस प्रकाश को फैलाती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम एक परिवार की तरह इकट्ठे हुए हैं। आज हम अपने देश को, अपनी टीम इंडिया को सेलिब्रेट कर रहे हैं। भारत में विविधता है, हमारी संस्कृति का मजबूत आधार है। हमारे लिए हर दिन एक नया रंग लेकर आता है, हर मौसम एक नया उत्सव बन जाता है, हर परंपरा एक नई सोच के साथ आती है। यही कारण है, हम भारतीय कहीं भी जाएं, कहीं भी रहें, हम विविधता का सम्मान करते हैं। हम वहां की संस्कृति, वहां के नियम—कायदों के साथ घुलमिल जाते हैं। ओमान में आज मैं यही होते हुए देख रहा हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम सब यहां भारत-ओमान मैत्री पर्व भी मना रहे हैं। यह पर्व दोनों देशों की दोस्ती, हमारे साझा इतिहास और समृद्ध भविष्य का उत्सव है। भारत-ओमान के बीच जो रिश्ता ट्रेड से शुरू हुआ था, आज उसको शिक्षा सशक्त कर रही है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे बताया गया है कि यहां के भारतीय स्कूलों में करीब 46 हजार छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इसमें ओमान में रहने वाले अन्य समुदायों के भी बच्चे शामिल हैं। ओमान में भारतीय शिक्षा के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह हम दोनों देशों के संबंधों का एक बहुत बड़ा पड़ाव है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले ही इकोनॉमिक ग्रोथ के आंकड़े आए हैं और भारत की ग्रोथ 8 प्रतिशत से अधिक रही है। भारत लगातार दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। यह तब हुआ है, जब पूरी दुनिया चुनौतियों से घिरी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे यहां आए हुए सिर्फ 30 मिनट हुए हैं। इन मिनटों में भारत में यूपीआई से 14 मिलियन रियल-टाइम पेमेंट हुए हैं। भारत में बड़े-बड़े शोरूम से लेकर छोटे से छोटे वेंडर तक इस पेमेंट सिस्टम से जुड़े हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, दुनिया का पहला ऐसा देश है, जो चंद्रमा के साउथ पोल तक पहुंचा है। इतना ही नहीं, हमने 104 सैटेलाइट को एक साथ लॉन्च करने का कीर्तिमान बनाया है। अब भारत अपने गगनयान से पहला ह्यूमन स्पेस मिशन भी भेजने जा रहा है। वह समय भी दूर नहीं, जब अंतरिक्ष में भारत का अपना स्पेस स्टेशन भी होगा।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download