मोदी के नेतृत्व ने भाजपा को गंगोत्री से गंगासागर तक पहुंचाया: अमित शाह
सुवेंदु अधिकारी होंगे प. बंगाल के नए मुख्यमंत्री
Photo: @BJP4India X account
कोलकाता/दक्षिण भारत। कोलकाता कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार को आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में, केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं गृह मंत्री अमित शाह ने सर्वसम्मति से सुवेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता घोषित किया। इस तरह मुख्यमंत्री पद के लिए उनके नाम पर मुहर लग गई है।
अमित शाह ने भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मैं हाथ जोड़कर बंगाल की जनता का कोटि-कोटि धन्यवाद करना चाहता हूं। कम्युनिस्टों के समय से जिस प्रकार का माहौल बनाया जाता था, ममता बनर्जी ने इसे और गहरे तरीके से भय में परिवर्तित किया। वहां मत की अभिव्यक्ति लगभग असंभव थी, हिंसा और क्रूरता के सैकड़ों उदाहरण उसके प्रमाण हैं। उसके बीच भाजपा और हमारे नेता नरेंद्र मोदी पर भरोसा कर बंगाल की जनता ने जो प्रचंड विजय हमें दी है, उसके लिए मैं बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं।अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता ने हमसे जो अपेक्षा रखी और जिन आशाओं के साथ हमें बहुमत दिया है, हम पूरा प्रयास करेंगे कि आपके विश्वास को तनिक भी ठेस न पहुंचे, इसमें कोई कमी न हो। हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सोनार बांग्ला के लक्ष्य को लेकर हम चलें और बंगाल की जनता की अपेक्षाओं को पूर्ण करें।
अमित शाह ने कहा कि आज बंगाल की विजय अनेक दृष्टिकोण से बहुत महत्त्वपूर्ण है। 100 साल की वैचारिक यात्रा के बाद आज गंगोत्री से गंगासागर तक हर जगह भाजपा की सरकार बनी है। यह हम सभी के लिए बहुत आनंद का विषय है। सन् 1950 से जिस विचार की यात्रा लेकर हम निकले और जिनके नेतृत्व में हम चले — डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भूमि पर सन् 1950 के बाद आज सन् 2026 में उन्हीं की पार्टी की सरकार बन रही है।
अमित शाह ने कहा कि जब अनुच्छेद 370 हटा तो देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में खुशी की लहर दौड़ी, लेकिन मुझसे कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कहा था कि अभी भी कसर बाकी है। तब मैंने आश्चर्य से पूछा था, अब क्या बचा? तब उन्होंने कहा था, बंगाल में भाजपा का झंडा फहराना बाकी है। मैं मानता हूं कि आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जहां भी होंगे, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को आशीर्वाद दे रहे होंगे कि आज मोदी के नेतृत्व ने भाजपा को गंगोत्री से गंगासागर तक पहुंचाया।
अमित शाह ने कहा कि आज त्रिपुरा में हमारी सरकार है, असम में हमारी सरकार है और अब बंगाल में भी हमारी सरकार बनी है। घुसपैठ और गौ तस्करी असंभव होने वाली है। दृढ़ता के साथ बंगाल सरकार और भारत सरकार इस सीमा को राष्ट्र की सुरक्षा के अभेद किले की तरह परिवर्तित कर देंगी।
अमित शाह ने कहा कि 23 प्रशासनिक जिलों में से 9 जिले ऐसे हैं, जहां दीदी का खाता भी नहीं खुला है। सूपड़ा साफ हो चुका है। मैंने ऐसा प्रचंड जनादेश कभी देखा नहीं, क्योंकि सरकार काम करती है तो जनादेश मिलता है, लेकिन जहां विपक्षी दल के नेता को बोलने का मौका नहीं दिया जाता है, वहां पर सत्ताधारी दल का 9 जिलों में शून्य वोट ... यह केवल जनता और ईश्वर की कृपा है।
अमित शाह ने कहा कि मैं भवानीपुर की जनता का बहुत-बहुत धन्यवाद करना चाहता हूं। सुवेंदु दा ने गत चुनाव में दीदी को नंदीग्राम में हराया था। मैंने दीदी का एक इंटरव्यू देखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं उनके गढ़ में लड़ने चली गई। दीदी, इस बार सुवेंदु दा ने आपको आपके घर में हराया है।
अमित शाह ने कहा कि कई साल से कांग्रेस कई जगह से चुनाव नहीं जीत रही है। अभी-अभी उन्हें मालूम पड़ गया है कि चुनाव जीतना असंभव है तो चुनाव की प्रक्रिया को ही बदनाम कर दो, इसलिए कांग्रेस के प्रमुख नेता राहुल गांधी ने कभी ईवीएम, कभी मतदाता सूची तो कभी एसआईआर पर कीचड़ उछालने का प्रयास किया।
मैं आज कांग्रेस को कहने आया हूं, हम तो सन् 2014 से शासन में आए हैं, लेकिन तमिलनाडु में 1967 से आपका सीएम नहीं बन पाया, क्या यह वोट चोरी थी? पश्चिम बंगाल में 49 साल से आपका सीएम नहीं बना, क्या यह वोट चोरी थी?
सिक्किम में 42 साल से, बिहार में 36 साल से, गुजरात में 30 साल से, ओडिशा में 26 साल से, नागालैंड में 33 साल से, महाराष्ट्र में 12 साल से नहीं बना है। अगर ये सभी वोट चोरी हैं तो वोट चोरी करने वाले आपके साथ बैठे हैं। सभी इंडि अलायंस के सदस्य हैं। मैं मानता हूं कि कांग्रेस को अपनी हार के लिए आत्मचिंतन करने की जरूरत है।


