मुंबई: 'ऑडिशन' के बहाने बच्चों को बंधक बनाने वाला यह शख्स कौन था?

पुलिस कार्रवाई में आरोपी की मौत हो गई

मुंबई: 'ऑडिशन' के बहाने बच्चों को बंधक बनाने वाला यह शख्स कौन था?

Photo: Social Media Video

मुंबई/दक्षिण भारत। यहां पवई इलाके में गुरुवार को एक स्टूडियो में 16 बच्चों और एक महिला को बंधक बनाने वाले शख्स रोहित आर्य की बचाव अभियान के दौरान मौत हो गई। मुंबई पुलिस और अग्निशमन विभाग ने जो संयुक्त अभियान चलाया था, वह बंधकों की मुक्ति के साथ सफल रहा।

Dakshin Bharat at Google News
यह अभियान एक घंटे से ज्यादा समय तक चला। बताया जा रहा है कि वह शख्स मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा था। सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया है। रोहित आर्य के बारे में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रोहित आर्य ने एक वीडियो जारी कर कथित तौर पर कहा था कि वह कुछ लोगों से बात करना चाहता है। उसने धमकी दी थी कि अगर उसे ऐसा करने नहीं दिया गया तो वह सबकुछ जला देगा और बच्चों समेत खुद को भी नुकसान पहुंचाएगा।

रिपोर्टों की मानें तो रोहित ने जो वीडियो जारी किया, वह उस दौरान रिकॉर्ड किया गया था, जब उसने बच्चों को बंधक बना लिया था। उसने कुछ मांगें की थीं और वह कुछ लोगों से बात करना चाहता था।

बताया जा रहा है कि रोहित आर्य महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर से बात करने की मांग कर रहा था। उसने विभाग के साथ अपनी कुछ शिकायतों का जिक्र किया था। पुलिस द्वारा मीडिया के साथ साझा की गई जानकारी के अनुसार, रोहित के हाथ में बंदूक जैसी दिखने वाली कोई चीज थी।

अग्निशमन विभाग को दोपहर लगभग 3 बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद अधिकारियों ने जरूरी तैयारियां कर ली थीं। उन्होंने ग्रिल काटकर पुलिस लिए के रास्ते बनाया था, जिसका इस्तेमाल करते हुए बंधकों को बचाया गया था।

बता दें कि दोपहर को जब सोशल मीडिया पर यह खबर फैली कि एक शख्स ने कई बच्चों को बंधक बना लिया है तो हड़कंप मच गया था। बंधकों को सुरक्षित छुड़ाने के बाद उनके परिवारों ने राहत की सांस ली। इन बच्चों को 'ऑडिशन' के लिए स्टूडियो में बुलाया गया था।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download