अमेरिका और इज़राइल के हमलों में ईरान में अब तक 780 से ज्यादा लोगों की मौत हुई
153 शहरों और 500 से ज्यादा स्थानों को निशाना बनाया गया
Photo: idfonline FB Page
तेहरान/दक्षिण भारत। ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने कहा है कि अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर हमले शुरू किए जाने के बाद से पूरे देश में 780 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
रेड क्रिसेंट ने अपनी वेबसाइट पर कहा, 'ऑपरेशनल टीमों की फील्ड रिपोर्टों के अनुसार, दुर्भाग्यवश इन हमलों में 787 हमवतन शहीद हो चुके हैं।'उसका कहना है कि शनिवार से अब तक 1,000 से अधिक हमलों के दौरान ईरान भर के 153 शहरों और 500 से अधिक स्थानों को निशाना बनाया गया है।
तेहरान में मंगलवार सुबह ज़ोरदार धमाके सुने गए। वहीं, ईरानी मीडिया ने राजधानी के पश्चिम में स्थित करज और मध्य शहर इस्फ़हान में भी धमाकों की खबर दी है।
मृतक 69 स्कूली छात्रों की पहचान अब तक अज्ञात
अमेरिका–इज़राइल के सैन्य हमलों में मीनाब के शाजरेह तैय्यबेह प्राथमिक स्कूल पर बमबारी में कुल 168 छात्राएं मारी गईं। उनमें से 69 की पहचान अभी तक अज्ञात है। वहीं, 99 की पहचान पूरी तरह हो चुकी है। उनके नाम सार्वजनिक किए जा चुके हैं।
ईरानी शिक्षा मंत्रालय के सूचना एवं जनसंपर्क केंद्र के प्रमुख हुसैन सादेगी ने बताया कि अमेरिका और इज़राइली शासन द्वारा स्कूल पर किए गए अमानवीय हमले में शहीद हुईं कुल 168 छात्राओं में से 99 की पहचान पूरी तरह सत्यापित कर ली गई है और उनके नाम जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि शेष 69 छात्राएं अब भी लापता हैं। उनकी पहचान की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। इन छात्राओं की पहचान की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए, सादेगी ने कहा कि परिवारों को डीएनए नमूने उपलब्ध कराने होंगे, ताकि अंतिम और स्पष्ट पहचान सुनिश्चित की जा सके।
मीनाब, दक्षिणी ईरान में 28 फ़रवरी को शाजरेह तैय्यबेह लड़कियों के प्राथमिक विद्यालय पर हमला उस समय हुआ जब अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर सैन्य हमलों की एक बड़ी लहर शुरू की थी।


