बिहार: राजग में हो गया सीटों का बंटवारा, जद (यू)-भाजपा को दी गईं इतनी

दोनों बड़ी पार्टियां बराबर संख्या में सीटों पर लड़ेंगी चुनाव

बिहार: राजग में हो गया सीटों का बंटवारा, जद (यू)-भाजपा को दी गईं इतनी

फोटो: संबंधित पार्टियों के फेसबुक पेजों से।

पटना/दक्षिण भारत। बिहार में सत्तारूढ़ राजग ने 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए आगामी चुनावों के लिए रविवार को अपनी सीट बंटवारे की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया। इसके तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जद (यू) और भाजपा को 101-101 सीटें दी गई हैं। बाकी सीटें छोटे सहयोगियों के लिए छोड़ी जाएंगी।

Dakshin Bharat at Google News
इस संबंध में जद (यू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने अपने एक्स अकाउंट पर घोषणा की है। उन्होंने कहा, 'हम राजग के साथियों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में सीटों का वितरण पूर्ण किया है।'

उन्होंने सीटों की संख्या का विवरण देते हुए कहा, 'जद (यू) - 101, भाजपा - 101, लोजपा (आर) - 29, आरएलएम - 06 और हम - 06'।

झा ने कहा, 'राजग के सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता साथी इसका हर्ष के साथ स्वागत करते हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रचंड बहुमत के साथ फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्पित एवं एकजुट हैं।'

उन्होंने कहा, 'बिहार है तैयार, फिर से राजग सरकार।'

वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राजद के नेतृत्व वाली सरकार के 15 साल के शासन को समाप्त करने के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है, जिसमें उनका जनता दल (यूनाइटेड) गठबंधन में भाजपा से अधिक सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगा। यह सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर क्षेत्रीय पार्टी के पतन और भाजपा के बढ़ते प्रभाव को स्वीकार करने का स्पष्ट संकेत है।

भाजपा ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में राज्य में जद (यू) से एक अधिक सीट पर चुनाव लड़ा था, जो भी पहली बार हुआ था।

सीट बंटवारे को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्टों में 'असंतुष्ट' बताए जा रहे जीतनराम मांझी ने कहा कि बिहार में फिर से मोदी-नीतीश सरकार बनेगी।

मांझी ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि वे भाजपा नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करेंगे, लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी को कम आंका गया है, जिसका राजग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download