लगातार तीसरी बार हार कांग्रेस पचा नहीं पा रही: धर्मेंद्र प्रधान
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय का फैसला कांग्रेस के 'ग़ैर-ज़िम्मेदाराना रवैए' की हार है

Photo: DharmendraPradhanOdisha FB page
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को कहा कि नीट-यूजी मामले पर उच्चतम न्यायालय का फैसला विद्यार्थियों की हार नहीं, बल्कि कांग्रेस के 'ग़ैर-ज़िम्मेदाराना रवैए' और 'ओछी राजनीति' की हार है।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि नीट-यूजी के विषय पर सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि परीक्षा की शुचिता में प्रणालीगत उल्लंघन नहीं पाया गया है। उच्च न्यायालय ने साल 2022, 2023 और 2024 के डेटा तुलना की भी समीक्षा की और किसी प्रकार की कोई विसंगति नहीं पाई।धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस को भारत सरकार पर तो नहीं, पर क्या उच्च न्यायालय पर भी भरोसा नहीं है? राजस्थान में भाजपा सरकार आने से पूर्व खटाखट हुए पेपर लीक क्या खरगे के संज्ञान में नहीं है?
अपनी सरकार में हुए पेपर लीक पर खरगे ने मुंह में दही क्यों जमा रखा था? मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस पार्टी को कोतवाल कह रहे हैं। कांग्रेस पेपर लीक और भ्रष्टाचार की जनक है। भ्रष्टाचार के जनक को कोतवाल कहने से बड़ी विडंबना क्या हो सकती है?
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को लगातार तीसरी बार नकारा है। लगातार तीसरी बार हार कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। राजनीतिक रोटियां सेकने और तेज़ी से फिसलती हुई अपनी राजनीतिक ज़मीन बचाने के लिए कांग्रेस के पास झूठ, आधा सच और अराजकता एकमात्र सहारा हैं।
About The Author
Latest News
