हाथरस भगदड़ में 100 से ज्यादा लोगों की मौत!
जिला प्रशासन मामले की जांच कर रहा है

Photo: PTI Bhasha
हाथरस/दक्षिण भारत। उत्तर प्रदेश के हाथरस भगदड़ मामले में 100 से ज्यादा लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में प्रशासन का बयान आ गया है। डीएम आशीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है तथा लोगों को बचाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने मुझे बताया है कि करीब 50-60 लोगों की मौत हुई है। कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति एसडीएम ने दी थी और यह एक निजी कार्यक्रम था।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। प्रशासन का ध्यान घायलों और मृतकों के परिजन को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने पर है।
उप्र सरकार के मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि हमें मुख्यमंत्री द्वारा हाथरस घटना स्थल पर पहुंचने और मामले को देखने और सरकार की ओर से आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। मैं अपने परिवारजन को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
About The Author
Related Posts
Latest News
