हिप्र: संकट में सुक्खू सरकार? कांग्रेस के बागियों समेत 11 विधायक उत्तराखंड पहुंचे

विधायकों का समूह शनिवार को हरियाणा नंबर प्लेट युक्त भारी सुरक्षा वाली बस से उतरकर उत्तराखंड में ऋषिकेश के ताज होटल पहुंचा

हिप्र: संकट में सुक्खू सरकार? कांग्रेस के बागियों समेत 11 विधायक उत्तराखंड पहुंचे

Photo: @SukhuSukhvinder X account

शिमला/दक्षिण भारत। हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। वहां कांग्रेस के छह बागियों और तीन निर्दलीय विधायकों सहित 11 विधायक भाजपा शासित उत्तराखंड पहुंच गए हैं। इससे संकेत मिलता है कि प्रदेश कांग्रेस में सबकुछ 'ठीक' नहीं है।

Dakshin Bharat at Google News
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विधायकों का समूह शनिवार को हरियाणा नंबर प्लेट युक्त भारी सुरक्षा वाली बस से उतरकर उत्तराखंड में ऋषिकेश के ताज होटल पहुंचा।

यह घटनाक्रम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के लिए राष्ट्रीय राजनीति दौरे के दो दिन बाद देखने को मिला है। बताया गया कि सुक्खू ने प्रदेश कांग्रेस में मची खींचतान और लोकसभा चुनावों को लेकर चर्चा की थी।

बता दें कि दल-बदल विरोधी कानून के तहत विधानसभा से अयोग्य घोषित किए गए बागी विधायक सुधीर शर्मा, राजिंदर राणा, दविंदर भुट्टो, रवि ठाकुर, चैतन्य शर्मा और इंदर दत्त लखनपाल हैं।

साल 2022 के विधानसभा चुनाव में 68 सदस्यीय सदन में कांग्रेस ने 40 सीटों पर कब्जा किया था। वहीं, भाजपा को सिर्फ 25 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। तीन सीटें निर्दलीयों को खाते में गई थीं।

जल्द ही हिमाचल कांग्रेस में कलह ने जोर पकड़ लिया। विधायकों ने मुख्यमंत्री सुक्खू के खिलाफ आवाज उठानी शुरू कर दी थी। हाल में राज्यसभा चुनाव में बागी विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, जिससे कांग्रेस प्रत्याशी की शिकस्त हो गई थी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा की आलोचना करते हुए आरोप लगाया​ कि वह उनकी सरकार गिराने की कोशिशें कर रही है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download