लोकायुक्त शेट्टी को अस्पताल से छुट्टी
लोकायुक्त शेट्टी को अस्पताल से छुट्टी
बेंगलूरु। कर्नाटक के लोकायुक्त न्यायमूर्ति विश्वनाथ शेट्टी को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। गत सात मार्च को एक फर्नीचर डीलर ने उन्हें उनके चैंबर में चाकू घोंपकर गंभीर रुप से घायल कर दिया था जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल के डाक्टरों ने न्यायमूर्ति शेट्टी को एक महीने आराम करने की सलाह दी है। इलाज के दौरान उनकी सर्जरी भी की गई और उन्हें चार दिनों तक आईसीयू में रखने के बाद कल उन्हें वार्ड में स्थानांतरित किया गया था। छुट्टी मिलने के बाद न्यायमूर्ति शेट्टी ने अस्पताल के अधिकारियों और डॉक्टरों को अपने बेहतर उपचार के लिए धन्यवाद दिया। न्यायमूर्ति शेट्टी पर फर्नीचर डीलर तेजराज शर्मा ने हमला किया था। उसने उन पर चाकू से कईं बार वार किए। उनका शोर सुनने पर अदालत के कर्मचारी और पुलिसकर्मी उनके बचाव में आगे आये और तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस कर्मियों ने न्यायमूर्ति शेट्टी के आपरेशन के दौरान चार बोतल रक्तदान भी किया था। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया और उसे बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अपने अपराध को स्वीकार करते हुए, शर्मा ने कहा कि वह पिछले एक महीने से लोकायुक्त पर हमला करने की योजना बना रहा था क्योंकि १८ सरकारी अधिकारियों के खिलाफ उसकी भ्रष्टाचार संबंधी याचिका उन्होंने खारिज कर दी थी। उसने दावा किया कि अधिकारियों को रिश्वत देने के बावजूद सरकारी कार्यालयों में फर्नीचरों की आपूर्ति के लिए उसकी निविदा को रद्द कर दिया गया था। वह कईं वर्षों से सरकारी कार्यालयों में फर्नीचर की आपूर्ति करता रहा है। सीसीबी पुलिस ने इस मामले में न्यायमूर्ति शेट्टी का भी बयान लिया था। इस मामले की जांच जारी है।