त्रिपुरा में चलो पलटाई की गूंज राजनाथ का रोड शो

त्रिपुरा में चलो पलटाई की गूंज राजनाथ का रोड शो

अगरतला। त्रिपुरा में पिछले तीन दिन से छाए ’’चलो पलटाई’’ (आओ, बदलाव करें) के नारों की गूंज के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को यहां अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो निकाला और मतदाताओं को यह भरोसा दिलाने का प्रयास किया कि भाजपा बदलाव की इस कोशिश में उनके साथ है। सिंह ने अगरतला के प्रसिद्ध दुर्गा बा़डी मंदिर में पूजा-अर्चना की और यहीं से अपने रोड शो की शुरुआत की। रोड शो में ढाक (दुर्गा पूजा पंडाल में बजाए जाने वाला वाद्य) बजा रहे ढाकिए आकर्षण का केंद्र रहे। रोड शो के दौरान सिंह के खुले वाहन में पार्टी के वरिष्ठ नेता राम माधव एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विप्लव देव भी मौजूद थे।इस मौके पर जनता को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि भाजपा ही केवल ऐसी पार्टी है, जो एक स्वच्छ प्रशासन दे सकती है। उन्होंने कहा, आपने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को कई मौके दिए हैं। अब आप भाजपा पर यकीन करें। राजनाथ सिंह ने त्रिपुरा में दो पत्रकारों की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री माणिक सरकार की खिंचाई की और यह स्पष्ट करने को कहा कि वह इस मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने को लेकर भयभीत क्यों है? सिंह ने कहा कि त्रिपुरा में इस बार कमल खिलेगा तथा कम्युनिस्ट शासन का अंत होगा और राज्य में भाजपा नीत गठबंधन सरकार बनने के एक सप्ताह बाद ही बाद पत्रकारों सुदीप भौमिक और शांतनु भौमिक की हत्या के मामले की जांच तत्काल सीबीआई को सौंप दी जाएगी। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, मैं माणिक सरकार से पूछना चाहता हूं कि पत्रकारों को किसने और किन स्थितियों में मारा? उन्होंने राज्य में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर गहरी चिंता जताई और कहा कि वाम मोर्चा सरकार के कार्यकाल में कोई भी सुरक्षित नहीं है। सरकार समर्थित अपराधियों ने यहां की महिलाओं, आदिवासियों और समाज के गरीब तबके के लोगों को अपने निशाने पर रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों के साथ ही बहुत से भाजपा कार्यकर्ता भी मारे गए हैं तथा युवतियों के साथ दुष्कर्म के बाद उनकी हत्या कर दी गई लेकिन माणिक सरकार को कोई चिंता ही नहीं है। उन्होंने कहा, वह किस तरह के मुख्यमंत्री हैं और कैसा राज चला रहे हैं। देश में सर्वाधिक अपराध दर इसी राज्य में है और सजा की दर सबसे कम भी यहीं है।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download