अग्निवीरवायु प्रशिक्षुओं के 7वें बैच की पासिंग आउट परेड हुई
3,146 अग्निवीरवायु ने 22 हफ़्ते का कड़ा प्रशिक्षण पूरा किया
एयर वाइस मार्शल अतुल लक्ष्मणदास गोलानी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। वायुसेना स्टेशन जलाहल्ली में शनिवार को अग्निवीरवायु प्रशिक्षुओं के सातवें बैच की पासिंग आउट परेड हुई। कुल 3,146 अग्निवीरवायु ने 22 हफ़्ते का कड़ा प्रशिक्षण पूरा किया है। अब ये वायुसेना में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
हेडक्वार्टर ट्रेनिंग कमांड के सीटीटीओ एयर वाइस मार्शल अतुल लक्ष्मणदास गोलानी ने परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर के तौर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने परेड में प्रशिक्षुओं द्वारा दिखाए गए अनुशासन की सराहना की। रिव्यूइंग ऑफ़िसर ने उन्हें बधाई दी और अलग-अलग श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को ट्रॉफ़ी देकर सम्मानित किया।संचार प्रशिक्षण संस्थान के अग्निवीरवायु नागराज धूलप्पा चिंचाणे, इलेक्ट्रॉनिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रियांशु गुप्ता और इलेक्ट्रिकल एवं उपकरण प्रशिक्षण संस्थान के शैलेंद्र कुशवाह को 'बेस्ट ऑल राउंडर' चुना गया।
रिव्यूइंग ऑफिसर ने परिस्थितियों के अनुसार ढलने की क्षमता के महत्त्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने युवा योद्धाओं को लगातार सीखते रहने, नई चुनौतियों का सामना करने और लगातार बदलते वैश्विक सुरक्षा माहौल में हमेशा मिशन के लिए तैयार रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने अपने प्रशिक्षण का बेहतर से बेहतर इस्तेमाल करने और प्रोफेशनल क्षेत्र में खास पहचान बनाने के लिए अपने काम में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए कहा। उन्होंने प्रशिक्षण संस्थानों और स्टेशन में प्रशिक्षण से जुड़े स्टाफ़ तथा सभी कर्मियों के प्रयासों की भी तारीफ की।


