राजग संसद में नीट पर चर्चा के लिए तैयार, कांग्रेस बहस से भाग रही है: भाजपा
प्रधानमंत्री ने फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का फ़ैसला किया
Photo: BJP4Karnataka FB Page
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा ने नीट पेपर लीक मामले में गुरुवार को कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि राजग सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस और पूरा विपक्ष ही बहस से भाग रहे हैं।
यह टिप्पणी तब आई जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने और देश की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद होने देने का आरोप लगाया।गुरुवार को संसद परिसर में विपक्ष और सत्ता पक्ष के सांसदों ने एक-दूसरे के खिलाफ़ विरोध प्रदर्शन किए, जिससे नीट पेपर लीक मामले को लेकर उनके बीच चल रही राजनीतिक तनातनी और तेज़ हो गई।
'युवाओं का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि देश के युवाओं का कल्याण उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
नीट में गड़बड़ियों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' के नेतृत्व में हज़ारों छात्रों के 'संसद चलो' मार्च में हिस्सा लेने के तीन दिन बाद मोदी ने युवाओं तक पहुंचने की कोशिश की।
मार्च के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे कई छात्र घायल हो गए। विरोध मार्च को रोकने की कोशिश में 100 से ज़्यादा पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
एक्स पर अपने संदेश में मोदी ने यह भी कहा कि सरकार ने पेपर लीक में शामिल लोगों को जल्द और कड़ी सज़ा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का फ़ैसला किया है।
उन्होंने कहा, 'हमारे युवाओं की भलाई और उनके भविष्य से ज़्यादा ज़रूरी कुछ भी नहीं है! यह हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जो लोग हमारे युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।'
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेपर लीक के मामले में सभी ज़रूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, 'छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार द्वारा लिए जा रहे फैसलों की कड़ी में यह एक महत्त्वपूर्ण कदम है।'


