कॉकरोच जनता पार्टी के बाद आ गई ई20 जनता पार्टी!
इस पार्टी की लोकप्रियता सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ती जा रही है
Photo: @E20Party X account
दिल्ली/दक्षिण भारत। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) नीट-यूजी पेपर लीक का मुद्दा जोर-शोर से उठाकर सुर्खियों में आ गई। उसके विरोध प्रदर्शन के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। अब एक और पार्टी मैदान में आ गई है। उसका नाम है- ई20 जनता पार्टी।
इस पार्टी की लोकप्रियता सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ती जा रही है। बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ रहे हैं। उसने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, 'ई20 जनता पार्टी कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है।'उसने कहा, 'हम नागरिकों का एक स्वतंत्र आंदोलन हैं, जो आम लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को उठाने पर केंद्रित है।' उसने कहा, 'हमारा एकमात्र एजेंडा पारदर्शिता सुनिश्चित करना, उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना और भारत की ई20 (20 प्रतिशत इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल) नीति के वास्तविक असर पर खुली सार्वजनिक चर्चा को बढ़ावा देना है।'
उसने कहा, 'हम किसी भी राजनीतिक पार्टी का समर्थन या पक्षपात नहीं करते हैं। हमारा समर्थन लोगों के लिए है, न कि किसी राजनीतिक विचारधारा के लिए।'
उसने कहा, 'कृपया इस बात की अफ़वाहों पर ध्यान न दें कि इस आंदोलन के पीछे कौन है या इसे कहां से चलाया जा रहा है? ऐसी अटकलें असल मुद्दे से ध्यान भटकाती हैं।'
ई20 जनता पार्टी ने कहा, 'हमारी मांग सीधी-सीधी है: जवाबदेही, पारदर्शिता और उपभोक्ताओं की बात सुने जाने का अधिकार।'


