कर्नाटक: नेतृत्व परिवर्तन के कयासों पर जी परमेश्वर ने दी चेतावनी
उन्होंने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि आला कमान इन सबको देख रहा है'
Photo: DrGParameshwara FB Page
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। राज्य में नेतृत्व को लेकर लगातार जारी अटकलों पर असंतोष व्यक्त करते हुए, कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने शुक्रवार को पार्टी के सहयोगियों को चेतावनी दी और कहा कि 'यह तुरंत बंद होना चाहिए'।
उन्होंने यह ज़ोर देते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी की ऊर्जा को आंतरिक राजनीति के बजाय शासन और विकास पर केंद्रित किया जाना चाहिए।वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने यह दोहराते हुए कि पार्टी नेतृत्व उचित समय पर उचित निर्णय लेगा, कहा कि वे इस मुद्दे को समाप्त करने के लिए आला कमान से भी बातचीत करेंगे।
परमेश्वर ने कहा, 'एआईसीसी अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खरगे) ने तो यह तक कह दिया है कि सभी को अपनी बात बंद रखनी चाहिए। वह इससे अधिक कड़े नहीं हो सकते ... इसके बावजूद नेता और विधायक इस (नेतृत्व मुद्दे) पर टिप्पणी कर रहे हैं, जो उचित नहीं है। इसे तुरंत बंद होना चाहिए।'
यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'हमें प्रशासन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, क्योंकि जनता की हमारी अपेक्षाएं अलग हैं। इसे अलग रखते हुए, हम में से हर कोई इस विषय पर सार्वजनिक रूप से अलग-अलग बयान दे रहा है, यह उचित नहीं होगा।'
उन्होंने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि आला कमान इन सबको देख रहा है। उचित समय पर, मैं भी इस मामले में आला कमान से बात करूंगा। क्योंकि बस बहुत हुआ, इसे रोकना ही चाहिए। लोग हमें देख रहे हैं ... उनकी अपेक्षाएं अलग हैं। हमें विकास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।'
उनके अनुसार, आला कमान जानता है कि कब क्या करना है, और वे उसी के अनुसार कार्रवाई करेंगे।


