देश सही दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है: प्रधानमंत्री

राज्यसभा में बोले मोदी

देश सही दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है: प्रधानमंत्री

Photo: narendramodi FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देते हुए कहा कि विकसित भारत की यात्रा में बीते वर्ष देश के तेज प्रगति के विकास के वर्ष रहे हैं। 

Dakshin Bharat at Google News
उन्होंने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में, समाज के हर वर्ग को उनके जीवन में परिवर्तन का यह कालखंड रहा है। देश सही दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रपति ने बहुत ही बढ़िया तरीके से पूरी संवेदनशीलता के साथ इस विषय को हम सबके सामने प्रस्तुत किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ने इस देश के मध्यम वर्ग, निम्न मध्यम वर्ग, गरीब, गांव, किसान, महिलाएं, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कृषि - सभी विषयों को विस्तार से रखते हुए भारत की प्रगति का एक स्वर संसद में गूंजाया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के नौजवान भारत की सामर्थ्य को कैसे आगे बढ़ा रहे हैं, इसकी भी विस्तार से चर्चा की है। हर वर्ग की सामर्थ्य को उन्होंने शब्दांकित किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने भारत के उज्ज्वल भविष्य के प्रति एक विश्वास व्यक्त किया है। यह हम सभी के लिए प्रेरक है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का पहला क्वार्टर पूरा हो चुका है, लेकिन यह दूसरा क्वार्टर भी उतना ही निर्णायक है, जैसे पिछली शताब्दी में भारत की आजादी की जंग में दूसरा क्वार्टर निर्णायक रहा था।

उन्होंने कहा कि मैं साफ-साफ देख रहा हूं कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में यह दूसरा क्वार्टर भी उतना ही सामर्थ्यवान होने वाला है, उतनी ही तेज गति से आगे बढ़ने वाला है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज राष्ट्र का हर व्यक्ति यह महसूस कर रहा है कि हम एक अहम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं। अब हमें न रुकना है, न पीछे मुड़कर देखना है। हमें तेज गति से चलना है और लक्ष्य प्राप्त करके ही आगे बढ़ना है। उसी दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सबसे बड़ी बात- विश्व के समृद्ध से समृद्ध देश भी बुजुर्ग होते जा रहे हैं। वहां की आबादी उम्र के उस पर पड़ाव पर पहुंची है, हम जिन्हें बुजुर्ग के रूप में जानते हैं। हमारा देश ऐसा है जो विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है, उसी समय दिनोंदिन हमारा देश युवा होता जा रहा है। युवा आबादी वाला देश है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download