75 साल के हुए प्रधानमंत्री मोदी

भाजपा ने 'सेवा पखवाड़ा' शुरू किया

75 साल के हुए प्रधानमंत्री मोदी

Photo: @BJP4India X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को 75 साल के हो गए। इस अवसर पर कई गणमान्य लोगों और राजनेताओं ने उनके नेतृत्व की सराहना की तथा सत्तारूढ़ भाजपा ने इस उपलक्ष्य में एक पखवाड़े से ज्यादा समय तक चलने वाला 'सेवा पखवाड़ा' शुरू किया।

Dakshin Bharat at Google News
केंद्र और राज्यों की भाजपा शासित सरकारों ने 2 अक्टूबर तक देशभर में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य शिविरों से लेकर स्वच्छता अभियान, बुद्धिजीवियों के सम्मेलन और मेलों तक कई तरह के आउटरीच, कल्याण, विकास और जागरूकता कार्यक्रमों की योजना बनाई है।

मोदी खुद महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर केंद्रित एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करने के लिए मध्य प्रदेश के धार की यात्रा कर रहे हैं। वे जनजातीय आबादी पर केंद्रित एक कार्यक्रम सहित कई अन्य विकास कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे और सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।
 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी को शुभकामनाएं दीं और देश में महान लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए उनकी प्रशंसा की। मुर्मू ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, ‘आज वैश्विक समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास व्यक्त कर रहा है।’

उन्होंने कहा, 'भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। अपने असाधारण नेतृत्व के माध्यम से कड़ी मेहनत की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए, आपने देश में महान लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है।'

उनका धन्यवाद करते हुए मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार 140 करोड़ से अधिक नागरिकों की मदद से एक मजबूत, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए समर्पित रहेगी। उन्होंने मुर्मू के दृष्टिकोण और विचारों को प्रेरणादायक बताया।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है और उनके दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि देश के प्रति उनका अद्वितीय समर्पण और प्रतिबद्धता प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से देश को नई ऊर्जा दी है और इसे एक नई दिशा दिखाई है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने वैश्विक स्तर पर भारत की क्षमता और सम्मान को बढ़ाया है तथा लोगों और गरीबों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी पांच दशकों से अधिक समय से लोगों के कल्याण के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं और वे प्रत्येक नागरिक के लिए 'राष्ट्र प्रथम' के आदर्श वाक्य की जीवंत प्रेरणा हैं। 
 
एक्स पर पोस्ट में शाह ने उन्हें त्याग और समर्पण का प्रतीक तथा करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा बताया। 

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के हर वर्ग की प्रगति के लक्ष्य के साथ 'आत्मनिर्भर और विकसित भारत' के निर्माण के लिए कई परिवर्तनकारी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक प्रतिष्ठा मिली है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download