भारत में भारत का कानून चलेगा, घुसपैठियों की मनमानी नहीं: मोदी

प्रधानमंत्री ने पूर्णिया में 40 हजार करोड़ रु. की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया

भारत में भारत का कानून चलेगा, घुसपैठियों की मनमानी नहीं: मोदी

Photo: @BJP4India X account

पूर्णिया/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के पूर्णिया में 40 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेल, एयरपोर्ट, बिजली, पानी से जुड़ीं ये परियोजनाएं सीमांचल के सपनों को पूरा करने का माध्यम बनेंगी।

Dakshin Bharat at Google News
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज यहां 40 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को पीएम आवास योजना के तहत पक्के घर भी मिले हैं। इन 40 हजार परिवारों के जीवन में आज एक नई शुरुआत हुई है। धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा से पहले अपने पक्के घर में गृह प्रवेश बहुत सौभाग्य से होता है। मैं इन परिवारों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का यह अवसर मेरे बेघर भाई-बहनों को भरोसा देने का भी है कि एक दिन उनको पक्का घर मिलेगा। यह मोदी की गारंटी है। हमारी सरकार ने पिछले 11 वर्षों में 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनाकर गरीबों को दिए हैं। अब हम 3 करोड़ नए घर बनाने का काम कर रहे हैं। जब तक हर गरीब को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी रुकने या थमने वाला नहीं है। पिछड़े को प्राथमिकता और गरीब की सेवा, यही मोदी का लक्ष्य है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में इंजीनियरों की बहुत बड़ी भूमिका है। मैं देश के सभी इंजीनियरों को आज के दिन की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। इंजीनियरों का परिश्रम और कौशल आज के इस कार्यक्रम में भी दिख रहा है। पूर्णिया एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग रिकॉर्ड 5 महीने से भी कम समय में बनाई गई है। आज इस टर्मिनल का लोकार्पण हुआ है। पहली कॉमर्शियल फ्लाइट को हरी झंडी भी दिखाई गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग सरकार द्वारा इस पूरे क्षेत्र को आधुनिक हाईटेक रेल सेवाओं से भी जोड़ा जा रहा है। आज मैंने वंदे भारत, अमृत भारत पैसेंजर ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई है। नई रेल लाइन का भी उद्घाटन हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के विकास के लिए बिहार का विकास जरूरी है। बिहार के विकास के लिए पूर्णिया और सीमांचल का विकास जरूरी है। राजद और कांग्रेस की सरकारों के कुशासन का बहुत बड़ा नुकसान इसी क्षेत्र को उठाना पड़ा है। अब राजग सरकार स्थिति बदल रही है। अब ये क्षेत्र विकास के फोकस में हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के किसानों के लिए आय का एक साधन मखाने की खेती भी रहा है। पिछली सरकारों ने मखाना और मखाना किसानों की भी उपेक्षा की। मैं दावे से कह सकता हूं कि ये जो आजकल यहां आकर चक्कर काटते हैं, उन्होंने मेरे आने से पहले मखाना का नाम भी नहीं सुना होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने बिहार के लोगों से राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के गठन का वायदा किया था। केंद्र सरकार ने कल ही राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। मखाना किसानों को अच्छी कीमत मिले, इसके लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। मखाना सेक्टर के विकास के लिए हमारी सरकार ने करीब पौने 500 करोड़ रुपए की योजनाओं को मंजूर किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास की यह गति, बिहार की यह प्रगति कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। जिन लोगों ने दशकों तक बिहार का शोषण किया, इस मिट्टी को धोखा दिया, आज वे ये मानने को तैयार ही नहीं कि बिहार भी नए कीर्तिमान बना सकता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मेड इन बिहार रेल इंजन एक्सपोर्ट होकर अफ्रीका तक जा रहा है। यह सब कांग्रेस और राजद वालों को पच नहीं रहा है। बिहार जब भी आगे बढ़ता है, ये लोग उसका अपमान करने में जुट जाते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी आपने देखा होगा कि राजद की सहयोगी कांग्रेस पार्टी सोशल मीडिया पर बिहार की तुलना बीड़ी से कर रही है। इन लोगों को बिहार से इतनी नफरत है। इन लोगों ने घोटाले और भ्रष्टाचार करके बिहार की साख को बहुत नुकसान पहुंचाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब बिहार को विकास करते देखकर, कांग्रेस और राजद ने फिर उसे बदनाम करने की ठान ली है। ऐसी मानसिकता वाले लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते। जिन लोगों को अपनी तिजोरी भरने की चिंता रही हो, वे गरीब के घर की चिंता क्यों करें?

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने माना था कि कांग्रेस सरकार 100 पैसे भेजती है, तो 85 पैसे बीच में ही लूट लिए जाते हैं। कांग्रेस-राजद की सरकार में सीधे गरीब के खाते में पैसे नहीं आ पाते थे। लालटेन जलाकर वो पंजा उस पैसे पर हाथ मारता था और 85 पैसे मार लेता था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राजद से न केवल बिहार के सम्मान को खतरा है, बल्कि बिहार की पहचान को भी खतरा है। आज सीमांचल और पूर्वी भारत में घुसपैठियों के कारण डेमोग्राफी का कितना बड़ा संकट खड़ा हो चुका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार, बंगाल, असम जैसे कई राज्यों के लोग अपनी बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इसलिए मैंने लाल किले से डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की। वोटबैंक का स्वार्थ देखिए, कांग्रेस-राजद और उनके इकोसिस्टम के लोग घुसपैठियों की वकालत करने में जुटे हैं, उन्हें बचाने में लगे हैं। बेशर्मी के साथ ये लोग विदेश से आए घुसपैठियों के लिए नारे लगा रहे हैं, यात्राएं निकाल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूर्णिया की इस धरती से, मैं इन लोगों को एक बात अच्छी तरह समझाना चाहता हूं। ये राजद और कांग्रेस वालों की जमात जरा कान खोलकर मेरी बात सुन ले। जो भी घुसपैठिया है, उसे बाहर जाना ही होगा। घुसपैठ पर ताला लगाना राजग की पक्की जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो नेता उनके बचाव में खड़े हैं, जो घुसपैठियों को बचाने के लिए मैदान में हैं। मैं उनको चुनौती देता हूं कि आप लोग घुसपैठियों को बचाने में चाहे जितना जोर लगा लें, हम घुसपैठियों को हटाने के संकल्प पर काम करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में भारत का कानून चलेगा, घुसपैठियों की मनमानी नहीं। यह मोदी की गारंटी है- घुसपैठियों पर कार्रवाई भी होगी और देश अच्छा परिणाम भी देखेगा।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download