आयकर विभाग ने ओडिशा डिस्टिलरी समूह पर छापेमारी तेज की, निकला नोटों का पहाड़!

अधिकारियों ने शनिवार को बोलांगीर जिले के सुदापारा इलाके में एक शराब निर्माता के घर से 20 बैग और नकदी जब्त की

आयकर विभाग ने ओडिशा डिस्टिलरी समूह पर छापेमारी तेज की, निकला नोटों का पहाड़!

Photo: ptinews.com

भुवनेश्वर/दक्षिण भारत। आयकर (आईटी) विभाग ने शनिवार को ओडिशा में एक शराब डिस्टिलरी समूह पर अपनी कार्रवाई तेज कर दी। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लोगों को आश्वासन दिया था कि 'जनता से लूटा गया पैसा वापस लिया जाएगा'। 

Dakshin Bharat at Google News
शुक्रवार तक लगभग 225 करोड़ रुपए बरामद करने के बाद, आयकर अधिकारियों ने शनिवार को बोलांगीर जिले के सुदापारा इलाके में एक शराब निर्माता के घर से 20 बैग और नकदी जब्त की।

पीटीआई के अनुसार, एक अधिकारी ने कहा कि सुदापारा से बरामद धन राशि की गिनती की जा रही है और अनुमान है कि यह 50 करोड़ रुपए से अधिक होगी।

आयकर विभाग के अधिकारी शुक्रवार को नकदी से भरे 156 बैग गिनती के लिए बोलांगीर स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में ले गए थे।

हालांकि, आईटी डीजी संजय बहादुर, जो पिछले तीन दिनों से भुवनेश्वर में रुके हुए हैं, ने चल रही छापेमारी के बारे में विवरण देने से इन्कार कर दिया। उन्होंने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, 'हमारे लोग इस पर काम कर रहे हैं।'

सूत्रों ने कहा कि जहां 150 अधिकारी शराब डिस्टिलरी समूह पर छापेमारी में हिस्सा ले रहे थे, वहीं आयकर विभाग ने छापेमारी के दौरान विभिन्न स्थानों से बरामद डिजिटल दस्तावेजों के सत्यापन के लिए हैदराबाद के 20 अन्य अधिकारियों को भी लगाया है।

सूत्रों ने कहा कि जब्त किए गए धन की गिनती संबलपुर और बोलांगीर में दो एसबीआई शाखाओं में की जा रही है। उन्होंने कहा कि नकदी की गिनती, ज्यादातर 500 रुपए मूल्यवर्ग के नोटों में, एक कठिन काम बन गया है और भारी लोड के कारण मशीनों में खराबी आ गई है।

उन्होंने कहा कि प्रक्रिया को कारगर बनाने के लिए विभिन्न बैंकों से नोट गिनने की मशीनें भी लाई गई हैं।

सूत्रों ने बताया कि पश्चिमी ओडिशा में सबसे बड़े देसी शराब निर्माताओं में से एक, बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज से जुड़े हितधारकों की विनिर्माण इकाइयों और परिसरों पर छापेमारी के बाद, एजेंसी अब इस समूह से जुड़े सभी व्यक्तियों के कार्यालयों और आवासों पर कार्रवाई कर रही है। 

उन्होंने कहा कि छापे की शुरुआत बलदेव साहू इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड की सहायक कंपनी बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड (बीडीपीएल) से हुई। उन्होंने कहा कि एक समूह कथित तौर पर झारखंड के एक कांग्रेस सांसद से जुड़ा है।

यह छापेमारी संबलपुर, राउरकेला, बोलांगीर, सुंदरगढ़ और भुवनेश्वर में की गई।
    
मोदी ने छापे पर एक समाचार रिपोर्ट साझा करते हुए एक्स पर पोस्ट में कहा, 'देशवासियों को नोटों के इन ढेरों को देखना चाहिए और फिर इसके (कांग्रेस) नेताओं के ईमानदारी पर भाषण सुनने चाहिएं। लोगों से लूटा गया एक-एक पैसा चुकाना होगा। यह मोदी की गारंटी है।'

About The Author

Related Posts

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download