क्या भाजपा मप्र विधानसभा चुनाव में गुजरात फॉर्मूला लागू करेगी?

'अगर कांग्रेस गुजरात की तरह मध्य प्रदेश का चुनाव लड़ती है तो भाजपा यहां आसानी से जीत सकती है'

क्या भाजपा मप्र विधानसभा चुनाव में गुजरात फॉर्मूला लागू करेगी?

‘बहुत कुछ स्थानीय परिस्थितियों और सरकार व संगठन में बैठे नेताओं की राय पर निर्भर करता है’

भोपाल/भाषा। गुजरात विधानसभा चुनाव में नतीजों ने भले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उत्साह से भर दिया हो, लेकिन मध्य प्रदेश में पार्टी विधायकों और नेताओं के एक धड़े को यह डर है कि गुजरात, जहां पिछले साल पूरा मंत्रिमंडल बदल दिया गया था और कई मौजूदा विधायकों को टिकट से वंचित कर दिया था, की रणनीति यहां भी दोहराई न जाए।

Dakshin Bharat at Google News
मध्य प्रदेश में 2023 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और पार्टी के कई विधायक राज्य में सत्ता विरोधी लहर को दूर करने के लिए ‘गुजरात फॉर्मूले’ के यहां अपनाने को लेकर चिंतित दिखाई दिए। मध्य प्रदेश में भाजपा करीब 20 साल से सत्ता में है।

भाजपा के एक पदाधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा, ‘कृषि के लिए जमीन तैयार करने और खेतों की जुताई एवं नए बीज बोने से पहले हमें बासी जड़ों को हटाने की जरूरत है, जिसे हम मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में गुजरात फॉर्मूला कह सकते हैं।’

हाल में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ‘गुजरात फॉर्मूले’ के बारे में संवाददाताओं के सवाल पर विस्तार से बताए बिना कहा, ‘न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा।’

उन्होंने कहा, ‘गुजरात एक आदर्श राज्य बन गया है। सात बार जीतने के बाद भी भाजपा के पक्ष में वोट शेयर बढ़ा है। आजादी के बाद से ऐसा किसी राज्य में पहली बार हुआ है।’

पश्चिम बंगाल के प्रभारी महासचिव रह चुके विजयवर्गीय ने कहा कि कम्युनिस्टों ने लंबे समय तक (34 साल तक) पूर्वी राज्य (पश्चिम बंगाल) में शासन किया, लेकिन हर चुनाव में उनका वोट प्रतिशत घटता रहा।

उन्होंने कहा, ‘इसके विपरीत भाजपा का वोट प्रतिशत 1995 (गुजरात में जब पार्टी सत्ता में आई) 42 से बढ़कर अब 54 प्रतिशत हो गया है। जो लोग (प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी को गाली देते हैं, उन्हें उनके काम और राजनीति से सीखना चाहिए।’

हिमाचल प्रदेश में भाजपा सत्ता कायम नहीं रख सकी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सत्ताधारी दल हर पांच साल में बदल जाता है।

हाल में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आई है।

गुजरात में भाजपा ने एक साल पहले सितंबर में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और उनके मंत्रिमंडल को बदल दिया और भूपेंद्र पटेल को नया मुख्यमंत्री बनाया था। इसके अलावा दिसंबर में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने 45 विधायकों की जगह नए चेहरों को चुनाव में उतारा। नए लोगों में से दो को छोड़कर बाकी सभी विजयी रहे।

बड़े पैमाने पर बदलाव करने के बाद भाजपा ने गुजरात में रिकॉर्ड जीत के साथ 182 सीटों में से 156 पर जीत हासिल की और लगातार सातवीं बार राज्य में चुनाव जीता।

भाजपा की गुजरात रणनीति के बारे में पूछे जाने पर मंदसौर से तीन बार के विधायक भाजपा के यशपाल सिसोदिया ने कहा कि जरूरत पड़ने पर यहां भी बदलाव किए जा सकते है।

सिसोदिया ने कहा, ‘बहुत कुछ स्थानीय परिस्थितियों और सरकार व संगठन में बैठे नेताओं की राय पर निर्भर करता है।’

गुजरात की सफल रणनीति को मध्य प्रदेश में लागू करने के सवाल पर भोपाल की हुजूर सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि इस संबंध में फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है। वह पार्टी और लोगों की हित में निर्णय करेगा।

हालांकि पार्टी के एक विधायक ने खुले तौर पर गुजरात की तरह रणनीति मध्य प्रदेश में अपनाने की बात कही है।

सतना जिले के मैहर से भाजपा के विधायक नारायण त्रिपाठी ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर चुनाव से पहले सत्ता विरोधी लहर को दूर करने के लिए राज्य में संगठन-सत्ता संरचना में आमूलचूल परिवर्तन करने की मांग की थी।

कांग्रेस और सपा के टिकट पर भी पूर्व में सफलतापूर्वक चुनाव लड़ चुके त्रिपाठी ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा को चुनाव जीतना चाहिए और उम्मीद है कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया जाएगा।

राजनीतिक पर्यवेक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार गिरिजा शुकर ने कहा कि 'गुजरात फॉर्मूला' शब्द मीडिया द्वारा गढ़ा गया है।

उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने मध्य प्रदेश में लगातार तीन कार्यकाल (2003, 2008, 2013) जीते, क्योंकि कांग्रेस सक्रिय रूप से चुनाव नहीं लड़ रही थी और जब कांग्रेस ने आक्रामक तरीके से चुनाव लड़ा तो उसने 2018 में भाजपा को हरा दिया।’

उन्होंने कहा कि गुजरात रणनीति में नया कुछ भी नहीं है, क्योंकि आजादी के बाद के चुनावी आंकड़ों पर गौर करें तो अधिकतर राजनीतिक दल अपने मौजूदा विधायकों/ सांसदों में से करीब 30 फीसद को टिकट देने से इन्कार करते हैं।

उन्होंने कहा कि गुजरात में एक मात्र नई बात यह हुई कि भाजपा ने चुनाव से एक साल पहले मुख्यमंत्री सहित पूरे मंत्रिमंडल को बदल दिया। लेकिन इसे प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य में भाजपा की रिकॉर्ड जीत से नहीं जोड़ा जा सकता।

शंकर का मानना है कि गुजरात की जीत राज्य के लोगों के साथ मोदी के व्यक्तिगत और भावनात्मक जुड़ाव के कारण अधिक हुई। वहां कांग्रेस ने एक उत्साही लड़ाई नहीं लड़ी और सत्ताधारी दल को ‘वाकओवर’ दे दिया।

उन्होंने कहा, ‘अगर कांग्रेस गुजरात की तरह मध्य प्रदेश का चुनाव लड़ती है तो भाजपा यहां आसानी से जीत सकती है।’

पंद्रह साल सत्ता में रहने के बाद भाजपा मध्य प्रदेश में 2018 का विधानसभा चुनाव हार गई थी, जिससे कांग्रेस के कमलनाथ के नेतृत्व में निर्दलीय, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) विधायकों की मदद से सरकार बनी। हालांकि ज्योतिरादित्य सिंधिया के वफादार लगभग दो दर्जन कांग्रेस के विधायकों के विद्रोह और कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने से मार्च 2020 में कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई। इसके बाद राज्य में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी।

वर्तमान में मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 127 और कांग्रेस के 96 सदस्य हैं।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download

Latest News

जितने साल से मोदी प्रधानमंत्री हैं, उतने साल जवाहरलाल नेहरू देश के लिए जेल में रहे थे: प्रियंका वाड्रा जितने साल से मोदी प्रधानमंत्री हैं, उतने साल जवाहरलाल नेहरू देश के लिए जेल में रहे थे: प्रियंका वाड्रा
Photo: priyankagandhivadra FB Page
कर्नाटक में भाजपा ने विपक्ष के रूप में अपनी ज़िम्मेदारियां छोड़ दी हैं: प्रियांक खरगे
'वंदे मातरम्' अंग्रेजों के लिए चुनौती और देश के लिए शक्ति की चट्टान बन गया था: प्रधानमंत्री
इंडिगो मामला: उच्चतम न्यायालय ने याचिका पर तत्काल सुनवाई से इन्कार किया
इंडिगो: सातवें दिन भी दिक्कत जारी, बेंगलूरु से 127 उड़ानें रद्द
पश्चिम बंगाल में ध्रुवीकरण का दांव
गोवा नाइटक्लब: मालिकों और कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, सरपंच हिरासत में