भारत ने बांग्लादेश को 7-0 से रौंदा

भारत ने बांग्लादेश को 7-0 से रौंदा

ढाका। भारत ने अपना धमाकेदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मेजबान बांग्लादेश को शुक्रवार को ७-० से रौंद कर हीरो एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत की एकतरफा जीत में गुरजंत सिंह (७), आकाशदीप सिंह (१०), ललित उपाध्याय (१३), अमित रोहिदास (२०), हरमनप्रीत सिंह (२८ और ४७) और रमनदीप सिंह (४६) ने गोल दागे। भारत इस जीत के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। भारत ने पूल ए के इस मैच मेजबान टीम को दर्शकों का भरपूर समर्थन होने के बावजूद कोई मौका नहीं दिया। भारत ने अपने पहले मैच में जापान को ५-१ से पीटा था। भारत इस तरह दो मैचों में १२ गोल कर चुका है। गुरजंत सिंह ने दाएं छोर से अमित रोहिदास से मिले पास पर गोल करने में कोई गलती नहीं की। भारत का पहला गोल सातवें मिनट में हुआ। तीन मिनट बाद आकाशदीप सिंह ने एस वी सुनील के बेहतरीन पास पर बांग्लादेश के गोलकीपर अबु निप्पन को आसानी से छका दिया। तीन मिनट बाद ललित उपाध्याय ने टूर्नामेंट का अपना दूसरा गोल दाग दिया। भारत पहले क्वार्टर में ही ३-० से आगे हो चुका था। रोहिदास ने २० वें मिनट में स्कोर ४-० पहुंचा दिया। इसके एक मिनट बाद भारत ने एक के बाद एक चार पेनल्टी कार्नर हासिल किए। लेकिन बांग्लादेशी डिफेंडरों ने हरमनप्रीत सिंह के प्रयासों को नाकाम कर दिया। मैच के २८ वें मिनट भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला और हरमनप्रीत ने भारत का पांचवां गोल करने में कोई गलती नहीं की। भारत ने तीसरे क्वार्टर में तीन पेनल्टी कॉर्नर बेकार किए। चौथे क्वार्टर के शुरू में रमनदीप ने भारत का छठा गोल कर दिया। हरमनप्रीत ने भारत के ११ वें पेनल्टी कॉर्नर पर सातवां गोल कर दिया। भारत का अगला मु़काबला १५ अक्टूबर को पाकिस्तान से होगा।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download