त्रिपुरा में भाजपा का सपना साकार नहीं होगा : करात
त्रिपुरा में भाजपा का सपना साकार नहीं होगा : करात
अगरतला। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलित ब्यूरो के सदस्य प्रकाश करात ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का त्रिपुरा में उस तरह सरकार बनाने का सपना कभी पूरा नहीं होगा जिस तरह उसने मणिपुर, असम और अरुणाचल प्रदेश में बनाई है।
करात ने दक्षिणी त्रिपुरा में गुरुवार शाम एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हर कोई जानता है कि भाजपा ने मणिपुर में किस तरह चुनाव जीता है और वह त्रिपुरा में आगामी विधानसभा चुनाव में भी यही करना चाहते हैं लेकिन राज्य में 25 वर्ष के कम्युनिस्ट शासन के दौरान मतदाता काफी संवेदनशील और समझदार हो गए हैं।उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के बुद्धिमान और अमनपसंद लोग राज्य में आठवीं बार वाम मोर्चे को ही सत्ता में लाएंगे। उन्होंने कहा, देश को पिछले तीन वर्ष के दौरान केंद्र सरकार की नीतिगत विफलताओं के कारण कई संकटों का सामना करना पड़ा है जिसके कारण लोग पिछले तीन वर्ष में मोदी लहर के भ्रम से उबर चुके हैं।
करात ने कहा कि मुद्रास्फीति पर कोई नियंत्रण नहीं लग सका है, लघु एवं मध्यम उद्योग भारी संकट में हैं, बेरोजगारी की गंभीर समस्या बढ़ती जा रही है और अल्पसंख्यकों के खिलाफ घटनाएं बढ़ गई हैं तथा देश का सकल घरेलू उत्पाद गिर रहा है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में लोकतांत्रिक मूल्यों को बरकरार रखने की परंपरा है और यहां के लोग राज्य की मार्क्सवादी सरकार को सत्ता से हटाने की हर साजिश नाकाम कर देंगे।
About The Author
Related Posts
Latest News
