मायावती ने उप्र विधानसभा चुनावों के बारे में की बड़ी घोषणा
भाजपा समेत अन्य पार्टियों पर हमला बोला
Photo: @Mayawati X account
लखनऊ/दक्षिण भारत। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने बुधवार को भाजपा समेत अन्य पार्टियों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनज़र बसपा के जनाधार को सर्वसमाज में बढ़ाने की ज़मीनी मज़बूती के साथ-साथ पार्टी उम्मीदवारों के चयन और उनके नामों की पार्टी के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों में घोषणा करने आदि की प्रक्रिया भी चल रही है।
उन्होंने कहा कि इसको लेकर विरोधी पार्टियों में काफी बेचैनी है और सत्ताधारी पार्टी भाजपा और अन्य विरोधी पार्टियों में भी अब अनवरत बदलाव होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि वैसे बसपा ने सर्वसमाज में से ख़ासकर ब्राह्मण समाज को भी पार्टी में उनकी सन् 2007 की तरह बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की तैयारी के हिसाब से, उन्हें बसपा उम्मीदवार बनाना जब से शुरू किया है, तब से विरोधी पार्टियों में इसको लेकर चर्चा व चिंताएं दोनों होना स्पष्ट हैं।मायावती ने आगे कहा, '..जिनके हथकंडों से 'बहुजन समाज’ के लोगों को लगातार सजग व सतर्क रहने की ज़रूरत है। इसी क्रम में बहुजन समाज पार्टी के काफी लंबे अरसे से चले आ रहे राष्ट्रीय महासचिव, वरिष्ठ अधिवक्ता व बसपा शासनकाल में उप्र के महाधिवक्ता, उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के कई बार अध्यक्ष तथा बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं कई बार बसपा के राज्यसभा सांसद रहे सतीश चंद्र मिश्र को पार्टी द्वारा लीगल व मीडिया आदि के साथ-साथ अब चुनाव आयोग संबंधी कार्यों की भी महत्त्वपूर्ण ज़िम्मेदारी साैंपी गयी है, जो कि ख़ासकर आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान कई मायने में इनकी अहम भूमिका रहेगी।


